मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मूंग खरीदी, ई-टोकन सिस्टम और अन्य मांगों को लेकर किसानों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी है। बड़ी संख्या में किसान प्रदर्शन स्थल पर डटे हुए हैं और मुख्यमंत्री आवास (CM हाउस) की ओर कूच की तैयारी कर रहे हैं। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
कई रास्तों पर बैरिकेडिंग, लोगों को हो रही परेशानी
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए हैं। इसका असर होशंगाबाद रोड और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है, जहां लोगों को लंबा जाम और यातायात की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूलों में छुट्टी घोषित
स्थिति को देखते हुए भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नर्मदापुरम रोड पर स्थित सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
प्रदर्शन स्थल पर डटे किसान
प्रदर्शन स्थल पर किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। रातभर धरने पर बैठे कई किसान जहां जगह मिली, वहीं आराम करते नजर आए। वहीं कुछ किसान दोपहर के भोजन के लिए दाल-बाटी बनाते दिखाई दिए। इससे आंदोलन स्थल पर एकजुटता और सामूहिक सहयोग का माहौल देखने को मिला।
नेताओं को दिया साथ बैठकर भोजन का निमंत्रण

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक नेताओं से धरना स्थल पर पहुंचकर उनके साथ भोजन करने और उनकी समस्याएं सुनने की अपील की है। आंदोलन में महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। कई महिलाएं पोस्टरों पर नारे लिखकर किसानों की मांगों का समर्थन कर रही हैं।


