नई दिल्ली। इंडियनऑयल ने ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 10 किलोग्राम और 5 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर के लिए एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा शुरू की है। कंपनी के चेयरमैन श्री ए. एस. साहनी ने बुधवार को इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ (Indane XTRALITE NOW) का शुभारंभ किया। यह 10 किलोग्राम क्षमता वाला आधुनिक कम्पोजिट एलपीजी सिलेंडर है, जिसे तेज डिलीवरी सुविधा के साथ बाजार में उतारा गया है। इस अवसर पर इंडियनऑयल के निदेशक (विपणन) श्री सौमित्र पी. श्रीवास्तव सहित कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ को बदलती जीवनशैली और आधुनिक परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह हल्के वजन, जंग-रोधी कम्पोजिट तकनीक और डिजिटल सेवाओं का संयोजन है, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक सुरक्षा, सुविधा और पारदर्शिता मिलेगी। इस सिलेंडर की खासियत इसकी पारदर्शी बॉडी है, जिसके माध्यम से ग्राहक आसानी से गैस का शेष स्तर देख सकेंगे। इसके अलावा बुकिंग के चार घंटे के भीतर एक्सप्रेस डिलीवरी, अपनी सुविधा के अनुसार डिलीवरी समय चुनने और न्यूनतम दस्तावेजी प्रक्रिया जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इंडियनऑयल ने इस दौरान लोकप्रिय 5 किलोग्राम ‘छोटू’ एलपीजी सिलेंडर के लिए भी एक्सप्रेस होम डिलीवरी सेवा शुरू की है। अब ग्राहक इसकी बुकिंग के चार घंटे के भीतर घर पर डिलीवरी प्राप्त कर सकेंगे। यह सुविधा खासतौर पर शहरी परिवारों, कामकाजी लोगों और छोटे परिवारों के लिए उपयोगी साबित होगी। इंडियनऑयल के चेयरमैन श्री ए. एस. साहनी ने कहा कि ग्राहकों के जीवन को आसान बनाने वाले नवाचार ही वास्तविक रूप से उपयोगी होते हैं। उन्होंने बताया कि इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर सेवा मॉडल का मेल है, जो ग्राहकों को सुरक्षित और सुविधाजनक एलपीजी अनुभव प्रदान करेगा। वहीं, निदेशक (विपणन) श्री सौमित्र पी. श्रीवास्तव ने कहा कि आज के उपभोक्ता तेज और भरोसेमंद सेवाओं की उम्मीद रखते हैं। इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ इसी ग्राहक-केंद्रित सोच को आगे बढ़ाने वाली पहल है, जो घरेलू एलपीजी सेवाओं को नई दिशा देगी। फिलहाल यह सुविधा शुरुआती चरण में पुणे, गुरुग्राम, इंदौर और कोयंबटूर में उपलब्ध होगी। इसके बाद अगस्त 2026 के मध्य तक इसे 25 अन्य शहरों में और अक्टूबर 2026 के अंत तक देश के प्रमुख शहरों तक विस्तार देने की योजना है। ग्राहक इंडियनऑयल वन (IndianOil ONE) ऐप और कंपनी की ग्राहक वेबसाइट के माध्यम से नए कनेक्शन के लिए पंजीकरण और रिफिल बुकिंग कर सकेंगे। जल्द ही व्हाट्सएप नंबर 7588888824 के माध्यम से भी बुकिंग की सुविधा शुरू की जाएगी। इंडियनऑयल के इंडेन वितरक नेटवर्क और चुनिंदा रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से यह सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी का लक्ष्य शहरी परिवारों, आवासीय परिसरों और सुविधा पसंद करने वाले ग्राहकों को बेहतर एलपीजी समाधान उपलब्ध कराना है। इंडियनऑयल ने कहा कि डिजिटल तकनीक, नवाचार और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं के माध्यम से कंपनी लगातार ऊर्जा क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ इसी प्रयास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।