गुना। शहर में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बीच मंगलवार रात सराफा बाजार में लोगों ने एक बदमाश को रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी एक महिला के गले से चेन छीनकर भाग रहा था, लेकिन सतर्क लोगों ने उसका पीछा कर उसे दबोच लिया। इसके बाद लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं।
महिला की चेन झपटकर भागा आरोपी
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात एक महिला सराफा बाजार से गुजर रही थी। इसी दौरान वहां पहले से घात लगाए खड़े एक युवक ने अचानक महिला के गले पर झपट्टा मारकर चेन छीन ली और भागने लगा।
CCTV में कैद हुई वारदात
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में आरोपी शर्ट-पैंट पहनकर बाइक के पास खड़ा नजर आ रहा है। वह काफी देर तक लोगों की गतिविधियों पर नजर रखता है। जैसे ही महिला वहां से गुजरती है, वह चेन झपटकर भागने लगता है।
लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा
चेन स्नैचिंग की वारदात होते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। हनुमान गली तक पहुंचते-पहुंचते लोगों ने उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

राजस्थान का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी की पहचान राजस्थान के छीपा बड़ौद निवासी दीपक सुमन के रूप में हुई है। उससे पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
दो दिन में दूसरी बड़ी वारदात
कोतवाली थाना क्षेत्र में दो दिनों के भीतर चेन स्नैचिंग की यह दूसरी बड़ी घटना है। सोमवार रात महावीरपुरा निवासी डॉ. रश्मि दीक्षित अपने बेटे के साथ टहल रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए थे।
डॉक्टर का मंगलसूत्र लूटकर भागे थे बदमाश
पीड़िता डॉ. रश्मि दीक्षित ने पुलिस को बताया कि बदमाशों की बाइक पर MP 08 Z लिखा हुआ था, लेकिन नंबर प्लेट क्षतिग्रस्त होने के कारण पूरा नंबर नहीं पढ़ा जा सका। पुलिस इस मामले में भी आरोपियों की तलाश कर रही है।
बढ़ रही हैं लूट और चेन स्नैचिंग की घटनाएं
गुना में चेन स्नैचिंग और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले 3 जून को मुनिश्री सुधासागर महाराज के आगमन के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने एक दर्जन से अधिक लोगों की चेन और पर्स पर हाथ साफ कर दिया था।
पुलिस बोली- आरोपी पर दर्ज हुआ केस
कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ लूट के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं डॉक्टर से हुई लूट की घटना की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रदेश और देश की हर बड़ी खबर सबसे पहले पढ़ने के लिए जुड़े रहें Deshharpal News Portal के साथ। अधिक जानकारी और ताजा अपडेट्स के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
