दिल्ली के जंतर-मंतर के पास बुधवार रात करीब 8:30 बजे छात्रों और पुलिस के बीच एक बार फिर झड़प हो गई। पुलिस के अनुसार, कनॉट प्लेस के टॉल्स्टॉय मार्ग पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर और बोतलें फेंकी, जिसमें एसीपी कनॉट प्लेस विवेक भगत घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। करीब 15 मिनट तक चली झड़प के बाद हालात सामान्य हो गए।
सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में प्रदर्शनकारियों के हाथों में लाठियां दिखाई दे रही हैं और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट होती नजर आ रही है। हालांकि, इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
इससे पहले 20 जुलाई को CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के संसद मार्च के दौरान भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था। उस दौरान प्रदर्शनकारी संसद गेट के करीब पहुंच गए थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए बल प्रयोग किया था।
इधर, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि देश को उनकी जरूरत है और आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।
उधर, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियां दिल्ली भेजने के निर्देश दिए हैं। करीब 2,000 जवानों को कोलकाता से एयरलिफ्ट कर राजधानी लाया गया है।
दिल्ली पुलिस ने RAF के एक जवान पर कथित हमले और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ के मामले में एफआईआर दर्ज की है। वहीं, दिल्ली हाईकोर्ट ने छात्रों से कथित मारपीट से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान सरकार को संबंधित CCTV फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।
अधिक जानकारी के लिए विजिट करें:deshharpal.com


