छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आम प्रेमियों के लिए खास आयोजन होने जा रहा है। 29 से 31 मई तक कृषि महाविद्यालय परिसर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव में देश-विदेश की 250 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजन संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी और ‘प्रकृति की ओर सोसायटी’ के सहयोग से किया जा रहा है।
आम की अलग-अलग प्रतियोगिताएं भी होंगी
महोत्सव में केवल आमों की प्रदर्शनी ही नहीं लगेगी, बल्कि कई रोचक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसमें आम की विभिन्न किस्मों की प्रतियोगिता के साथ-साथ आम से बने व्यंजन और आम से सजावट प्रतियोगिता भी होगी।
इन प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ समेत देशभर के आम उत्पादक हिस्सा लेंगे। स्कूल और कॉलेज के छात्र, महिलाएं और आम नागरिक भी इसमें भाग ले सकेंगे। आयोजन में प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह निशुल्क रहेगा।
रात 9 बजे तक खुली रहेगी प्रदर्शनी
29 मई को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रतिभागियों की एंट्री और पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद आम लोगों के लिए प्रदर्शनी तीनों दिन रात 9 बजे तक खुली रहेगी।
प्रदर्शनी में दुर्लभ और खास किस्मों के आम, आम से बने उत्पाद और आम के पौधे बिक्री के लिए भी उपलब्ध रहेंगे।
किसानों और युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन
30 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आम उत्पादकों और युवाओं के लिए विशेष चर्चा सत्र आयोजित होगा। इसमें बेहतर गुणवत्ता वाले आम उत्पादन, प्रोसेसिंग, मार्केटिंग और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
आयोजकों का कहना है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आम उत्पादन और उससे जुड़े व्यवसाय के लिए प्रेरित करना है।
सफल किसानों की कहानियां भी होंगी साझा
31 मई को सफल आम उत्पादकों और उद्यमियों की सफलता की कहानियां सुनाई जाएंगी। इसी दिन विजेताओं को पुरस्कार और सम्मान भी दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को हर किस्म के 5 से 10 आम लाने होंगे। वहीं, आम से बने व्यंजनों की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए कम से कम 250 ग्राम उत्पाद के साथ पंजीयन कराना होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, पिछले दो वर्षों से आयोजित हो रहा यह राष्ट्रीय आम महोत्सव लोगों को काफी पसंद आ रहा है। इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
www.deshharpal.com पर पढ़ें देश-दुनिया और प्रदेश की ताजा खबरें।
