Sehore-इछावर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार देर रात एंबुलेंस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक केबिन में फंस गया।
घटना दो पुलिया जोड़ के पास की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने केबिन काटकर निकाला चालक
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस का केबिन काटकर घायल चालक को बाहर निकाला।
इसके बाद दूसरी एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन करीब एक घंटे तक कोई एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।
समय पर मेडिकल मदद नहीं मिलने से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली।
“बिना मरीज के दौड़ती हैं एंबुलेंस”
स्थानीय लोगों और चश्मदीदों ने आरोप लगाया कि कई बार एंबुलेंस बिना मरीज के भी तेज रफ्तार में सायरन बजाते हुए हाईवे पर दौड़ती हैं।
लोगों का कहना है कि कुछ सरकारी एंबुलेंस का इस्तेमाल निजी कामों में भी किया जाता है। इसी वजह से जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुविधा नहीं मिल पाती।

पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है।
इछावर थाना प्रभारी पंकज वाडेकर ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय एंबुलेंस में कोई मरीज था या नहीं।
प्रेग्नेंट महिला को छोड़कर लौट रही थी एंबुलेंस
जानकारी के अनुसार, यह 108 एंबुलेंस रेहटी क्षेत्र की थी। एंबुलेंस एक गर्भवती महिला को सीहोर अस्पताल छोड़कर वापस लौट रही थी।
घटना के समय वाहन में केवल चालक मौजूद था। घायल चालक को पहले इछावर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है।
अधिक जानकारी और ताजा अपडेट्स के लिए विजिट करें www.deshharpal.com

