अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास सुरक्षा एजेंसियों ने एक वेनेजुएलाई युवक को गिरफ्तार किया है। युवक की कार से तीन हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद होने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, युवक ने पूछताछ के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को मारने से जुड़े विचार आने की बात कही थी। इस घटना के बाद व्हाइट हाउस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
संदिग्ध हालत में कार में बैठा था युवक
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना गुरुवार रात 5 नवंबर को हुई। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने Constitution Avenue पर खड़ी एक कार में बैठे युवक को संदिग्ध हालत में देखा। इसके बाद अधिकारियों ने उसके पास जाकर पूछताछ की।
युवक की पहचान रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस (Ronny Yordrix Guanipa Chrinos) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से वेनेजुएला का रहने वाला बताया गया है।
ट्रम्प को मारने की बात कहने का आरोप
अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट (DHS) के अनुसार, पूछताछ के दौरान युवक ने अधिकारियों को बताया कि उसके दिमाग में आवाजें आती थीं, जो उसे वॉशिंगटन जाकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को मारने के लिए कहती थीं।
अधिकारियों को यह भी पता चला कि जिस कार में युवक बैठा था, वह चोरी की रिपोर्ट में दर्ज थी। तलाशी के दौरान कार से तीन हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए।
कई गंभीर आरोपों में हुई गिरफ्तारी
अमेरिकी अधिकारियों ने युवक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कई मामले दर्ज किए हैं। इनमें बिना अनुमति हथियार रखने, हथियारों के अवैध परिवहन, चोरी की गाड़ी के इस्तेमाल और चोरी की संपत्ति रखने जैसे आरोप शामिल हैं।
फिलहाल युवक अमेरिकी मार्शल्स सर्विस की हिरासत में है। इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) ने भी उसके खिलाफ हिरासत में रखने का अनुरोध दर्ज कराया है।
2024 में अमेरिका आया था युवक
होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट के मुताबिक, युवक मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका पहुंचा था। अधिकारियों ने बताया कि अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल ने उसे पहले हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया था।
होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने इस कार्रवाई के लिए सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों की तारीफ की। वहीं, सीक्रेट सर्विस के डायरेक्टर सीन करन ने कहा कि एजेंसी व्हाइट हाउस के आसपास सुरक्षा को लेकर लगातार सतर्क है।









































