बिलासपुर में रोहरा ब्रदर्स सुनील और मनीष रोहरा के खिलाफ किराना व्यापारी से 48.90 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों भाइयों ने जमीन में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर व्यापारी से पैसे लिए। जुलाई 2025 से मार्च 2026 के बीच 29.10 लाख रुपए नकद और 19.80 लाख रुपए अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराए गए।
व्यापारी ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो दोनों भाई टालमटोल करने लगे। बाद में वे परिवार समेत दुबई चले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खास बात यह है कि पुलिस सात दिन पहले ही रोहरा ब्रदर्स के घर से करीब 25 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त कर चुकी है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
2020 से थी दोस्ती, सट्टे के कारोबार से जुड़े थे तीनों
कतियापारा निवासी दीपक भगतानी (36) किराना दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि श्रीराम क्लॉथ मार्केट स्थित संस्कृति गारमेंट के संचालक सुनील और मनीष रोहरा से उनकी दोस्ती वर्ष 2020 से थी। कुछ समय बाद तीनों सट्टे के कारोबार से भी जुड़ गए।
दीपक के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में दोनों भाइयों ने अपनी अच्छी कमाई और नई संपत्तियों का दिखावा किया। अपना आर्थिक रसूख बताकर उन्होंने दीपक को निवेश के लिए तैयार किया। आरोपियों ने ओडिशा, राजिम और जबलपुर में जमीन खरीदने के नाम पर रकम लगाने और कम समय में दोगुना पैसा लौटाने का भरोसा दिया।
एक साल बाद भी नहीं लौटाई रकम, परिवार समेत दुबई चले गए
दीपक ने बताया कि निवेश के करीब एक साल बाद भी उसे पैसे वापस नहीं मिले। जब उसने दोनों भाइयों से रकम मांगी तो वे बहाने बनाने लगे। कभी जमीन में पैसा फंसा होने, कभी शेयर मार्केट और कभी सट्टे में रकम लगे होने की बात कहकर उसे टालते रहे।
काफी समय तक चक्कर लगाने के बाद भी जब पैसे नहीं मिले तो दीपक ने पुलिस से शिकायत की। इस बीच दोनों भाई अपने परिवार के साथ दुबई चले गए।
रिश्तेदारों के बैंक खातों में भी जमा कराए रुपए
पुलिस को दी गई शिकायत और दस्तावेजों के अनुसार, जुलाई 2025 से मार्च 2026 के बीच आरोपियों ने रकम लेने के लिए अपने बैंक खातों के साथ पत्नी, साले और मौसेरे भाई के खातों का भी इस्तेमाल किया।
31 जुलाई 2025 को मनीष की पत्नी नेहा रोहरा के खाते में RTGS/NEFT के जरिए 4 लाख रुपए जमा कराए गए। इसके अलावा अलग-अलग तारीखों पर अन्य बैंक खातों में भी रकम ट्रांसफर की गई। बड़ी रकम हंसा विहार स्थित फ्लैट की पार्किंग में नकद लेने का आरोप है।
29.10 लाख कैश और 19.80 लाख रुपए बैंक से दिए
दीपक की शिकायत के मुताबिक, नेहा रोहरा के खाते में 4 लाख, हेमंत नरवानी के खाते में 4 लाख, मनीष रोहरा के खाते में 3 लाख और सुनील रोहरा के खाते में 1 लाख रुपए जमा कराए गए।
इसके अलावा मौसेरे भाई देवेश लाहेजा के खाते में 50 हजार, परमेश्वर देवांगन के खाते में 21 हजार और अन्य खातों में 2 लाख रुपए भेजे गए।
वहीं, नकद रकम में हंसा विहार स्थित फ्लैट की पार्किंग में मनीष को दो किस्तों में 15 लाख और सुनील को 5.10 लाख रुपए दिए गए। इसके अलावा दुकान पर 3 लाख और शैलेन्द्र शिंदे के जरिए 6 लाख रुपए नकद देने की बात शिकायत में कही गई है।
इस तरह व्यापारी के अनुसार कुल 29.10 लाख रुपए नकद और 19.80 लाख रुपए बैंक खातों के जरिए दिए गए।
परिचितों को बड़ा निवेशक बताकर परिवार से भी लगवाए पैसे
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सुनील और मनीष रोहरा ने अपने परिचित आकाश गोगा, हेमंत नरवानी और अजय जज्ञासी को बड़ा रियल एस्टेट निवेशक बताया। उनके जरिए करोड़ों रुपए का मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया गया।
आरोपियों ने एक नंबर और दो नंबर में रकम दोगुनी करने का लालच देकर दीपक को अपने परिवार और परिचितों से भी निवेश कराने के लिए प्रेरित किया। सट्टे के एक अन्य मामले में पुलिस आकाश गोगा की तलाश भी कर रही है।
IPL में सट्टा खिलाते पकड़े गए थे दीपक
किराना व्यापारी दीपक भगतानी को कोतवाली पुलिस ने IPL के लाइव मैच में सट्टा खिलाते हुए पकड़ा था। पूछताछ के दौरान उन्होंने शहर के एक रसूखदार व्यक्ति के जरिए सट्टे की आईडी मिलने की बात बताई थी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की थी।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस सट्टे के कारोबार से जुड़े रोहरा ब्रदर्स सुनील और मनीष रोहरा तक पहुंची। करीब सात दिन पहले पुलिस ने उनके घर से लगभग 25 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की थी। इसमें महंगी संपत्तियों के दस्तावेज, कीमती घड़ियां और सोने के आभूषण शामिल हैं।
अब पुलिस 48.90 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में दोनों भाइयों के लेन-देन और बैंक खातों की जांच कर रही है।


