छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को जनजातीय गौरव दिवस समारोह में बिलासपुर को करीब 120 करोड़ रुपए के 16 विकास कार्यों की सौगात दी। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जनजातीय बसाहटों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के गांवों में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। एकलव्य विद्यालयों और छात्रावासों से युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित होने से विकास कार्यों को गति मिली है।
बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह के संघर्ष को किया याद
मुख्यमंत्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए लोगों से उनसे प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा के संघर्ष का इतिहास है। इस विरासत को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा और विकास को प्राथमिकता देना जरूरी है।
समारोह में शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान बिरसा मुंडा की जीवनी पर लघु फिल्म दिखाई गई और जनजातीय नायकों के जीवन पर आधारित फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई।
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में जनजातीय समाज की भूमिका बताई। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की प्रतिभाएं देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंच रही हैं। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी बिरसा मुंडा के त्याग और संघर्ष को याद किया।
वनवासी कल्याण आश्रम के योगेश बापट ने जनजातीय समाज की सामूहिक जीवनशैली, रीति-रिवाज और जड़ी-बूटियों से जुड़े पारंपरिक ज्ञान को महत्वपूर्ण धरोहर बताया। कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव और महापौर पूजा विधानी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
75 करोड़ की लागत से बन रहा बायोगैस संयंत्र
मुख्यमंत्री ने अपने प्रवास के दौरान सेंदरी में निर्माणाधीन कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) संयंत्र का निरीक्षण भी किया। करीब 75 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना का उद्देश्य शहर के कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलना है।
संयंत्र में रोजाना 130 टन नगरीय ठोस अपशिष्ट का प्रसंस्करण कर करीब 5 टन बायोगैस और 16 टन जैविक खाद तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे शहर के कचरे के निस्तारण के साथ ऊर्जा और खाद का उत्पादन भी हो सकेगा।
गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि प्रतिमा से विश्वविद्यालय परिसर में जनजातीय समाज के संघर्ष और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को सम्मानजनक स्थान मिला है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय नायकों के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर आधारित जनजातीय वीथिका का भी अवलोकन किया।
धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता
मुख्यमंत्री ने सेंदरी धान खरीदी केंद्र में किसानों से संवाद के दौरान एक अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिन किसानों को एक एकड़ में निर्धारित 21 क्विंटल धान बेचने का अवसर नहीं मिल पाता, उन्हें भी आदान सहायता की पूरी राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, यदि कोई पात्र किसान एक एकड़ में 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल की सहायता भी उसे मिलेगी। इस तरह किसान को प्रति एकड़ कुल 13,839 रुपए की आदान सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वे किसान के बेटे हैं और खेती-किसानी की परिस्थितियों को समझते हैं।
