रायपुर में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन पुलिस ने 7 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी धमतरी से हेरोइन लेकर रायपुर पहुंचे थे और शहर में इसकी सप्लाई करने की तैयारी में थे। गिरफ्तार आरोपियों में से एक पहले भी ड्रग्स बेचने के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग हेरोइन लेकर इलाके में घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन पुलिस ने टीम गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने ड्रग्स को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी जेल जा चुका है एक आरोपी
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक पहले भी ड्रग्स बेचने के आरोप में जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार, तीनों लंबे समय से हेरोइन के कारोबार से जुड़े हुए थे और रायपुर में नशे की सप्लाई करते थे।
पूछताछ के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी धमतरी से हेरोइन किससे खरीदते थे और रायपुर में किन लोगों तक इसकी सप्लाई पहुंचाते थे।
सप्लायर और खरीदारों की तलाश
पुलिस अब आरोपियों के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच का मुख्य फोकस हेरोइन के सप्लायर, खरीदार और पूरे नेटवर्कतक पहुंचने पर है।
पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।
