सागर। बहेरिया थाना क्षेत्र में गढ़ाकोटा रोड स्थित चनाटोरिया के पास शनिवार को यात्री बस और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों में बंडा निवासी एसी-कूलर कारोबारी प्रशांत जैन और कृषि उपकरण कारोबारी निर्मल उर्फ मुन्ना जैन शामिल हैं। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पेट्रोल पंप से निकलते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार बहेरिया स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल-डीजल भरवाकर मुख्य मार्ग पर पहुंची थी। इसी दौरान जबलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार यात्री बस ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा उतरी। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में एक घायल की मौत
हादसे के बाद राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को मकरोनिया के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। कार सवार तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं, इलाज के दौरान एक अन्य घायल की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि कार हरियाणा पासिंग की थी। एक घायल की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
हादसे में जान गंवाने वाले कारोबारी
1. प्रशांत जैन (46 वर्ष):
बंडा निवासी प्रशांत जैन एसी और कूलर इलेक्ट्रॉनिक कारोबार से जुड़े थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं।
2. निर्मल उर्फ मुन्ना जैन (62 वर्ष):
रामपुरा वार्ड निवासी निर्मल जैन कृषि उपकरणों का व्यापार करते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। दोनों बच्चे डॉक्टर हैं।
3. विकास (43 वर्ष):
पिता का नाम जगदीश कुमार बताया गया है। वे हरियाणा के निवासी थे।
4. चौथा मृतक:
चौथा मृतक भी हरियाणा निवासी बताया जा रहा है। उसकी इलाज के दौरान मौत हुई। पुलिस उसकी पूरी पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।
फरार बस चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही बहेरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की जांच कर रही है।



