मध्य प्रदेश के सागर में हत्या के प्रयास के मामले में अदालत ने आरोपी नरेंद्र राजपूत को 5 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। सत्र न्यायाधीश एमके शर्मा की अदालत ने आरोपी पर 5 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। आरोपी की पहचान 43 वर्षीय नरेंद्र राजपूत, निवासी ग्राम देवलचौरी के रूप में हुई है।
बीच-बचाव करने पहुंचे व्यक्ति पर चाकू से किया था हमला
अभियोजन के अनुसार, घटना 27 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 7:20 बजे राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम देवलचौरी में हुई थी। फरियादी हनुमत सिंह राजपूत के घर के सामने विवाद चल रहा था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राम मेनवारा निवासी 55 वर्षीय खेत सिंह ठाकुर पर नरेंद्र राजपूत ने बटनदार चाकू से हमला कर दिया।
चाकू का वार खेत सिंह के पेट में लगा, जिससे उनकी छोटी आंत में छेद हो गया। पेट में करीब 700 से 800 मिलीलीटर खून जमा हो गया था और उनकी हालत गंभीर हो गई थी। घायल को डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल सागर पहुंचाया गया। वहां से उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां ऑपरेशन के बाद करीब 15 दिनों तक उनका उपचार चला।
फरियादी और चश्मदीद गवाह अपने बयान से मुकर गए
मामले की सुनवाई के दौरान फरियादी हनुमत सिंह राजपूत, जागृति राजपूत सहित अन्य चश्मदीद गवाह अपने पहले दिए गए बयानों से मुकर गए। इसके बावजूद अदालत ने घायल खेत सिंह ठाकुर की गवाही को प्रत्यक्ष, विश्वसनीय और सुसंगत मानते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में स्वीकार किया।
अदालत ने सर्वोच्च न्यायालय के विभिन्न न्याय दृष्टांतों और भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 की धारा 139 में निहित सिद्धांतों का उल्लेख किया। कोर्ट ने कहा कि किसी मामले में गवाहों की संख्या से अधिक महत्वपूर्ण उनके साक्ष्य की गुणवत्ता होती है। अन्य गवाहों के पक्षद्रोही हो जाने मात्र से घायल की विश्वसनीय गवाही को खारिज नहीं किया जा सकता।
डॉक्टरों की गवाही और बरामद चाकू बने अहम साक्ष्य
घायल की गवाही की पुष्टि चिकित्सकीय साक्ष्यों, डॉक्टरों के बयानों और आरोपी की निशानदेही पर बरामद चाकू से हुई। इन साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने नरेंद्र राजपूत को हत्या के प्रयास का दोषी ठहराया और 5 साल के सश्रम कारावास के साथ 5 हजार रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई।








































