ओमान के तट के पास रविवार को कमर्शियल जहाज एमटी एल गाइया पर हमला होने की खबर सामने आई है। जहाज पर कुल 14 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे। विदेश मंत्रालय (MEA) के मुताबिक, इनमें से 13 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है।
लापता भारतीय की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि भारतीय नागरिक की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है।
भारतीय दूतावास ओमानी अधिकारियों के संपर्क में
विदेश मंत्रालय के अनुसार, ओमान स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। दूतावास ओमानी अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और लापता भारतीय की तलाश से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है।
मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय नागरिक की सुरक्षित तलाश के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है।
होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी जहाज पर भी हमला
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब रविवार सुबह होर्मुज स्ट्रेट में ईरान के केश्म द्वीप के पास एक ईरानी कार्गो जहाज पर भी हमला होने की खबर आई।
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, हमले के बाद जहाज में आग लग गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि चार लोग घायल बताए गए हैं। जहाज पर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
ओमान के तट और होर्मुज स्ट्रेट के आसपास लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
