जबलपुर में दीपावली की छुट्टियों के दौरान एक जज के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। 10 नवंबर की रात प्रियदर्शनी कॉलोनी स्थित मकान में घुसे तीन आरोपियों ने ताले तोड़कर चांदी की भगवान शिव की मूर्ति और जेवर चोरी कर लिए।
खमरिया थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है, जबकि वारदात में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है।
ताले तोड़कर घर में घुसे थे तीन चोर
जबलपुर में पदस्थ जज दीपावली की छुट्टियों में परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। इस दौरान प्रियदर्शनी कॉलोनी निवासी मयंक पुरोहित ने पुलिस को बताया कि 10 नवंबर की रात तीन अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया।
आरोपियों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखी चांदी की मूर्ति और जेवर चोरी कर लिए।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
चोरी की घटना की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के आदेश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक सतीश साहू के मार्गदर्शन में टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इनके आधार पर सुमित दहिया निवासी पनागर और किशन कुशवाहा निवासी गोहलपुर को गिरफ्तार किया गया।
चांदी की शिव प्रतिमा और जेवर बरामद
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने दीपावली की रात चोरी करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से भगवान शिव की चांदी की मूर्ति, एक जोड़ी पायल और एक जोड़ी बिछिया बरामद की गई है।
वारदात में शामिल तीसरा आरोपी गोपी उर्फ गुलफाम निवासी गोहलपुर फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
तीनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
एएसपी मनीष भारद्वाज ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के साथ फरार तीसरे आरोपी का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस शहर के सभी थानों से उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
