दिल्ली में सड़क की धूल से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए नगर निगम (MCD) ने मैकेनिकल सफाई का दायरा बढ़ाने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 19 नई स्वचालित मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों और सपोर्ट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन मशीनों से सड़कों पर जमा धूल और कचरे की सफाई की जाएगी।
एमसीडी 923.57 करोड़ रुपए की परियोजना के तहत कुल 70 मैकेनिकल रोड स्वीपर मशीनें शामिल कर रहा है। इनमें 55 इलेक्ट्रिक और 15 सीएनजी से चलने वाली मशीनें हैं। परियोजना में मशीनों के 10 साल तक संचालन और रखरखाव की व्यवस्था भी शामिल है।
ब्रश और सक्शन सिस्टम से होगी सड़कों की सफाई
सिविक सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मेयर प्रवेश वाही, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, सांसद प्रवीण खंडेलवाल, डिप्टी मेयर मोनिका पंत, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, सदन के नेता जय भगवान यादव और निगमायुक्त संजीव खिरवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों के मुताबिक, नई मशीनों में मैकेनिकल ब्रश और सक्शन सिस्टम लगाए गए हैं। ये सड़क पर जमा धूल और मलबे को उठाने में सक्षम हैं। इटली और स्विट्जरलैंड की कंपनियों से खरीदी गई इन मशीनों से मैकेनाइज्ड सफाई को बढ़ावा मिलेगा और मैनुअल सफाई पर निर्भरता कम होगी।
पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण मशीनों की आपूर्ति प्रभावित
यूरोप से आने वाली सभी 70 मशीनों की आपूर्ति पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण प्रभावित हुई है। ऐसे में एमसीडी प्रदूषण के हॉटस्पॉट वाले इलाकों में सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त मशीनें किराए पर लेने की संभावना भी तलाश रहा है।
इसके अलावा सड़कों पर धूल कम करने के लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है। निगम एंटी स्मॉग गन और जेटिंग मशीनों का भी इस्तेमाल कर रहा है।






































