स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद बिलासपुर नगर निगम ने अब केंद्र सरकार की नई स्वच्छता पहल ‘प्रगति 50’ की तैयारी शुरू कर दी है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने साफ कहा है कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बुधवार को कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक लेकर सफाई व्यवस्था और आगामी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अपर आयुक्त खजांची कुम्हार, एचओ, जोन कमिश्नर प्रवेश कश्यप, सभी जोन के सेनेटरी इंस्पेक्टर, वार्ड सुपरवाइजर और स्वास्थ्य व स्वच्छता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में गैरहाजिर कर्मचारियों को लेकर कमिश्नर ने नाराजगी जताई और उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘प्रगति 50’ की तैयारियों की समीक्षा के लिए हर 15 दिन में बैठक आयोजित करने और सफाई कार्यों में आ रही समस्याओं को जल्द दूर करने को कहा।
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी गंदगी या कचरे का ढेर दिखाई नहीं देना चाहिए। सड़कें, सार्वजनिक स्थान, चौक-चौराहे, मोहल्ले और गलियां साफ-सुथरी रहनी चाहिए। सफाई में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सफाई एजेंसी को तय समय-सारणी के अनुसार काम करने के निर्देश
कमिश्नर ने सफाई ठेका एजेंसी लायन सर्विसेज को तय समय-सारणी के मुताबिक मुख्य सड़कों, मोहल्लों और गलियों में सफाई कराने को कहा। साथ ही सफाई कर्मचारियों की पूरी उपस्थिति और हर इलाके में नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कमिश्नर ने हर घर से नियमित कचरा उठाने, इसकी निगरानी करने और लोगों के बीच जनजागरूकता गतिविधियां चलाने पर जोर दिया।
कचरा वाहन को कचरा नहीं देने वालों को करेंगे जागरूक
कमिश्नर ने बताया कि कई जगहों पर लोग घर से कचरा लेने आने वाले वाहनों को कचरा नहीं देते हैं। ऐसे लोगों को जागरूक किया जाएगा और उनसे अपील की जाएगी कि वे अपना कचरा निर्धारित वाहन में ही डालें।
उन्होंने कहा कि समझाइश के बाद भी सहयोग नहीं करने वाले अपार्टमेंट और कॉलोनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सड़क पर मलबा फेंकने वालों पर चलेगा अभियान
सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण सामग्री और मलबा फेंकने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। कमिश्नर ने कहा कि सड़क पर निर्माण सामग्री और मलबा पड़े रहने से शहर की स्वच्छता प्रभावित होती है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बिलासपुर को देश में नंबर-1 बनाने का लक्ष्य
कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में बिलासपुर को मिली उपलब्धि अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। अब लक्ष्य शहर को स्वच्छता के मामले में देश में पहला स्थान दिलाना है।
इसके लिए सफाई व्यवस्था की कमियों की पहचान कर उन्हें जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अभियान को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारी के साथ काम करने को कहा।






































