राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्थान के चार नगरीय निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव स्थगित कर दिए हैं। अब 21 सितंबर को इन पदों के लिए मतदान नहीं होगा। आयोग के अनुसार, जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम के मेयर-डिप्टी मेयर तथा सुकेत नगरपालिका के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव आगामी आदेश तक टाल दिए गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग नए सिरे से चुनाव कार्यक्रम जारी करेगा।
EVM में तकनीकी खराबी से अटके परिणाम
आयोग की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मतगणना के दौरान चारों निकायों के कुछ बूथों पर EVM में तकनीकी खराबी के कारण परिणाम जारी नहीं हो सके। इसके चलते संबंधित नगरीय निकायों के चुनाव परिणाम पूरी तरह घोषित नहीं हो पाए हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया कि जब तक सभी परिणाम घोषित नहीं हो जाते, तब तक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव निर्धारित तारीख पर कराना संभव नहीं है। इसी वजह से नगर निगम जयपुर, जोधपुर, कोटा और नगरपालिका सुकेत के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव स्थगित किए गए हैं।
10 बूथों पर 16 सितंबर को होगी रिपोलिंग
राज्य निर्वाचन आयोग ने चारों निकायों के कुल 10 बूथों पर 16 सितंबर को पुनर्मतदान (रिपोलिंग) कराने के आदेश दिए हैं।
इन बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद 17 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना कराई जाएगी।
जयपुर के 5 बूथों पर दोबारा मतदान
जयपुर नगर निगम के पांच बूथों पर रिपोलिंग होगी। इनमें शामिल हैं:
- वार्ड-9 का बूथ संख्या 111
- वार्ड-18 का बूथ संख्या 235
- वार्ड-25 का बूथ संख्या 343
- वार्ड-34 का बूथ संख्या 477
- वार्ड-34 का बूथ संख्या 484
जोधपुर, कोटा और सुकेत में भी रिपोलिंग
जोधपुर नगर निगम के वार्ड-50 के बूथ संख्या 338 पर दोबारा मतदान होगा।
कोटा नगर निगम के तीन बूथों पर रिपोलिंग कराई जाएगी। इनमें वार्ड-87 का बूथ 99, वार्ड-44 का बूथ 448 और वार्ड-11 का बूथ 576 शामिल है।
वहीं, सुकेत नगरपालिका के वार्ड-4 के बूथ संख्या 5 पर भी 16 सितंबर को पुनर्मतदान होगा।
नए सिरे से जारी होगा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव कार्यक्रम
रिपोलिंग के बाद 17 सितंबर को मतगणना पूरी होने और सभी परिणाम घोषित होने के बाद ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव की अगली प्रक्रिया शुरू होगी। राज्य निर्वाचन आयोग इसके लिए नया चुनाव कार्यक्रम जारी करेगा।


