यमन के हूती विद्रोहियों ने मंगलवार को सऊदी अरब के कई इलाकों को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले किए। हमलों के बाद सऊदी अरब ने मक्का में पहली बार इमरजेंसी अलर्ट जारी किया। जेद्दा और ताइफ में भी मंगलवार सुबह इसी तरह के अलर्ट जारी किए गए थे।
मक्का में पहली बार जारी हुआ इमरजेंसी अलर्ट
सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक, नेशनल अर्ली वार्निंग प्लेटफॉर्म के जरिए मक्का में इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया। इस दौरान लोगों से ऊंची इमारतों और संभावित खतरे वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई।
कुछ देर बाद सिविल डिफेंस ने स्थिति सामान्य होने की जानकारी देते हुए बताया कि खतरा टल गया है। हालांकि, लोगों से भीड़ से दूर रहने और किसी भी घटना की फोटो या वीडियो नहीं बनाने की अपील की गई।
मंगलवार सुबह जेद्दा और ताइफ में भी अलर्ट जारी किए गए थे। स्थिति सामान्य होने के बाद इन अलर्ट को वापस ले लिया गया।
लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह
मक्का, जेद्दा और ताइफ में जारी चेतावनी के दौरान लोगों को भीड़भाड़ और खुले इलाकों में जाने से बचने को कहा गया। नागरिकों से शांत रहने और किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की अपील की गई।
लोगों को घरों के अंदर रहने तथा खिड़कियों, बालकनी, छत, कांच और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। घर से बाहर मौजूद लोगों को नजदीकी इमारत में जाने या किसी मजबूत संरचना की आड़ लेने और खतरा पूरी तरह टलने तक वहीं रहने को कहा गया।
हूती हमलों में अब तक 13 लोग घायल
ये अलर्ट सऊदी अरब पर हूतियों के लगातार हो रहे हमलों के बीच जारी किए गए हैं। सोमवार को हूतियों ने खमिस मुशैत, अबहा और ताइफ की दिशा में कई मिसाइल और ड्रोन दागे थे।
सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता कर्नल तुर्की अल-मलिकी के अनुसार, इन हमलों में कम से कम 13 नागरिक घायल हुए। मंगलवार को जारी बयान में उन्होंने सऊदी नागरिकों को निशाना बनाने वाले हमलों को जानबूझकर किया गया हमला बताया।
पिछले सप्ताह भी हूतियों ने सऊदी अरब के अबहा, खमिस मुशैत, जाजान और नजरान समेत कई शहरों को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया था। इन हमलों में कम से कम 73 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। हमलों के बाद सऊदी अरब की कुछ ऊर्जा सुविधाओं का संचालन भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ था।
यमन में बढ़ते तनाव के बीच सऊदी पर हमले
ईरान समर्थित हूतियों का आरोप है कि सऊदी अरब यमन में हवाई हमले कर रहा है और क्रूज मिसाइलों का इस्तेमाल कर रहा है। वहीं, यमन के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में हूती लड़ाकों और सऊदी समर्थित सरकारी बलों के बीच संघर्ष जारी है।
इस बीच हूतियों ने यमन के पश्चिमी लाल सागर तट पर अपना नियंत्रण बढ़ाया है। सोमवार को उन्होंने ग्रेटर हनीश और लेसर हनीश द्वीपों पर भी कब्जा करने का दावा किया। दोनों द्वीप बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य से करीब 160 किलोमीटर उत्तर में स्थित हैं।
चार हफ्तों में 500 से ज्यादा सरकारी लड़ाके मारे गए
हूतियों के खिलाफ जारी लड़ाई में पिछले चार हफ्तों के दौरान सरकार समर्थित 500 से ज्यादा लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया गया है। यह दावा सरकार के समर्थन में लड़ने वाली नेशनल रेजिस्टेंस फोर्स ने किया है।
संगठन के मुताबिक, इसी अवधि में होदेदा और ताइज प्रांतों में 1,000 से ज्यादा हूती लड़ाके भी मारे गए। हालांकि, हूती संगठन की ओर से इन आंकड़ों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यमनी सरकार ने लाल सागर के तटीय इलाकों में अतिरिक्त सैनिक भेजने का भी फैसला किया है। सरकार के एक अधिकारी ने पिछले सप्ताह हुई हार को स्वीकार करते हुए कहा कि सरकारी बल दोबारा इस क्षेत्र में लौटेंगे।



