सीहोर जिले की रेहटी पुलिस ने एक शातिर बाइक चोर को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश पर, एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा और थाना प्रभारी रेहटी निरीक्षक राजेश कहारे की टीम ने की।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
13 सितंबर को वार्ड क्रमांक 8, चौपड़ा कॉलोनी निवासी भंवर सिंह उइके ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मोटरसाइकिल रात में घर के बाहर से चोरी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भभड़ नदी के पास एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल के साथ खड़ा है। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी को पकड़कर पूछताछ की गई।
आरोपी की पहचान और कबूलनामा
आरोपी ने अपना नाम जितेंद्र कलमोदिया (34 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 9, मालवा कॉलोनी, रेहटी बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने यह मोटरसाइकिल ही नहीं, बल्कि तीन अन्य बाइकें भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की थीं।
पुलिस ने की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से सभी चारों बाइक जब्त कर लीं और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से इलाके में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की वारदातों पर अंकुश लगेगा।
👉 मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरों के लिए विज़िट करें: deshharpal.com
