सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। चांदी 9,680 रुपए सस्ती होकर 1.43 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गई है। यह पिछले 13 महीनों में चांदी का सबसे कम भाव है। वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 3,907 रुपए घटकर 1.21 लाख रुपए रह गई है।
ऑलटाइम हाई से काफी नीचे आए सोना-चांदी के भाव
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, सोना अपने ऑलटाइम हाई 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम से करीब 32% सस्ता हो चुका है। वहीं, चांदी भी 3.80 लाख रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर से करीब 63% नीचे आ गई है।
चांदी सस्ती होने के 3 प्रमुख कारण
- इंडस्ट्रियल डिमांड में कमी: इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और फैक्ट्रियों में चांदी का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। औद्योगिक गतिविधियों में सुस्ती आने से इसकी मांग घटती है, जिसका असर कीमतों पर पड़ता है।
- ग्लोबल मार्केट में सप्लाई बढ़ना: खदानों से उत्पादन बढ़ने या बाजार में चांदी की उपलब्धता ज्यादा होने पर कीमतों में गिरावट आ सकती है।
- सोने की कीमतों में गिरावट: अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी अक्सर सोने की कीमतों की चाल का अनुसरण करती है। सोने के भाव गिरने पर चांदी में भी बिकवाली बढ़ सकती है।
सोना सस्ता होने के 3 मुख्य कारण
- अमेरिकी डॉलर की मजबूती: डॉलर मजबूत होने पर अन्य देशों के खरीदारों के लिए सोना महंगा हो जाता है। इससे मांग घट सकती है और कीमतों पर दबाव पड़ता है।
- ब्याज दरों में बढ़ोतरी: अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची रहने पर निवेशक सोने के बजाय बॉन्ड और बैंक डिपॉजिट जैसे विकल्पों में पैसा लगाना पसंद करते हैं।
- मुनाफावसूली: सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद बड़े निवेशक मुनाफा कमाने के लिए सोने की बिकवाली करते हैं। इससे भी भाव नीचे आ सकते हैं।





































