गुना शहर में शुक्रवार सुबह आकाशवाणी के सामने एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला प्रियंका कुशवाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति दीपक कुशवाह गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी करीब 20 फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई, जिससे पेड़ जड़ से उखड़ गया। कार में सवार पांच युवक भी घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया – “बहुत तेज थी कार की रफ्तार”
लोगों के अनुसार, कार इतनी तेज गति में थी कि ड्राइवर ने ब्रेक लगाने के बाद भी उसे नियंत्रित नहीं कर पाया। कार करीब 50 फीट तक घिसटती हुई बाइक से टकरा गई।
दीपक कुशवाह, जो बूढ़े बालाजी इलाके के रहने वाले हैं, अपनी पत्नी प्रियंका को आंगनवाड़ी के किसी काम से लेकर जा रहे थे। रास्ते में यह हादसा हो गया।
व्रत पर थी महिला, हाथों में सजी थी मेहंदी
इस घटना ने सभी को झकझोर दिया। जिस महिला की जान गई, वह उस दिन व्रत पर थीं और हाथों में मेहंदी लगी हुई थी। टक्कर के बाद प्रियंका सड़क पर गंभीर हालत में पड़ी रहीं, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया।
ऑटो चालकों ने नहीं की मदद
हादसे के बाद लोगों ने कई ऑटो रोकने की कोशिश की, ताकि घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा सके, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। बाद में एम्बुलेंस पहुंची और सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया।
कार में सवार पांच युवक घायल
पुलिस के अनुसार, कार (MP 08 CA 6598) गप्पू यादव नामक व्यक्ति की है, जिसे ये युवक मांगकर लाए थे।
घायलों में सचिन खटीक (ड्राइवर), शुभम धाकड़, अश्विन रघुवंशी, मोहित धाकड़ और रिहान खान शामिल हैं। सभी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
📍 अधिक जानकारी के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
