गुरुग्राम। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आंतरिक सुरक्षा बलों में निरीक्षक पदों के लिए चयनित युवक-युवतियां गुरुवार को ग्रामीण अवलोकन कार्यक्रम के तहत गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर खंड स्थित डाबोदा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने गांव के इतिहास, सामाजिक व्यवस्था और ग्रामीण जीवन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।
प्रशिक्षण दल ने गांव के पौराणिक मंदिर, तालाब और अन्य प्रमुख स्थानों का दौरा किया। इसके बाद किसान नेता राव मान सिंह के फार्म हाउस पर पहुंचकर क्षेत्र की सामाजिक, आर्थिक और कृषि से जुड़ी परिस्थितियों को समझा।
सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने साझा किए अनुभव
प्रशिक्षण दल के सदस्यों ने सांप्रदायिक सौहार्द, भूमिगत जलस्तर, फसल उत्पादन, स्वास्थ्य सुविधाओं, आपदा प्रबंधन और पंचायत व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे। इस दौरान ग्रामीणों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने अपने अनुभव साझा किए।
राव मान सिंह ने क्षेत्र की सामाजिक और कृषि व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। वहीं, सरपंच संगठन के उपप्रधान शिवताज प्रजापत और डाबोदा सरपंच प्रतिनिधि एवं पूर्व पुलिस अधिकारी नाहर सिंह ने पंचायत व्यवस्था, ग्रामीण प्रशासन और कानून व्यवस्था के बारे में बताया।
कृषि और ग्रामीण महिलाओं की भूमिका पर हुई चर्चा
राष्ट्रपति से नारी शक्ति पुरस्कार प्राप्त महिला उद्यमी एवं किसान पूजा शर्मा ने महिला सशक्तीकरण, कृषि और ग्रामीण महिलाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में समाजसेवी सुखबीर जे. तंवर, किसान महेंद्र दाढ़ी, पूर्व जिला उपप्रमुख संजीव कुमार, कैलेब शिक्षण संस्थान के डॉ. विश्वास अल्वी और हरीश कुमार सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
ग्रामीण विकास और सामाजिक समरसता को समझा
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और प्रशिक्षण दल के बीच विभिन्न विषयों पर संवाद हुआ। गांव के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर प्रशिक्षणार्थियों ने स्थानीय जीवनशैली, सामाजिक समरसता और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों को करीब से समझा।
