भोपाल के पुराने शहर स्थित इतवारा चौराहे पर मंगलवार को एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के बैनर तले मुस्लिम समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और “गौ माता का सम्मान करो” जैसे नारे भी लगाए गए।
प्रदर्शन के दौरान कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने कहा कि इस्लाम धर्म में गाय का मांस खाना और उसका वध करना हराम माना गया है। उन्होंने बताया कि उनके मजहब में गाय के दूध और घी को उपयोगी बताया गया है, जिसका लोग नियमित इस्तेमाल भी करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि देश में गाय और बछड़ों को लेकर जो तनाव का माहौल बन रहा है, वह चिंता का विषय है और इस मुद्दे को गलत दिशा में ले जाया जा रहा है। शमशुल हसन ने सवाल उठाया कि जब समाज गाय को माता का दर्जा देता है, तो उसे राष्ट्रीय पशु घोषित करने में देरी क्यों हो रही है।
प्रदर्शन के जरिए उन्होंने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री से अपील की कि जल्द से जल्द इस मांग पर निर्णय लिया जाए। उनका मानना है कि ऐसा होने से गायों के वध से जुड़े विवाद और अफवाहों पर रोक लगेगी और असली दोषियों की पहचान करना भी आसान हो जाएगा।
इस प्रदर्शन की खास बात यह रही कि यह मांग खुद मुस्लिम समाज की ओर से सामने आई, जिससे सामाजिक सौहार्द और आपसी समझ का संदेश देने की कोशिश भी दिखी।
👉 अधिक अपडेट्स और ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
