छत्तीसगढ़ सरकार ने मध्यप्रदेश राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी वंदना मेहरा अटूट को सुकमा जिले का अपर कलेक्टर नियुक्त किया है। उन्हें दो साल की प्रतिनियुक्ति पर छत्तीसगढ़ भेजा गया है। इससे पहले वे मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग में उप सचिव के पद पर कार्यरत थीं।
सामान्य प्रशासन विभाग ने गुरुवार को उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया। यह प्रतिनियुक्ति मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के 27 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में उल्लेखित शर्तों के आधार पर की गई है।
कौन हैं वंदना मेहरा अटूट?
वंदना मेहरा अटूट मध्यप्रदेश के रायसेन की रहने वाली हैं। वे वर्ष 2008 बैच की राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं। छत्तीसगढ़ में नई जिम्मेदारी मिलने से पहले वे मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग में उप सचिव के रूप में सेवाएं दे रही थीं।
बस्तर को डेयरी हब बनाने की योजना से जुड़ रही नियुक्ति
वंदना मेहरा अटूट की प्रतिनियुक्ति को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा है। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार बस्तर क्षेत्र को डेयरी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। ऐसे में पशुपालन एवं डेयरी विभाग में काम कर चुकी अधिकारी की सुकमा में नियुक्ति को इस योजना से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, सरकार की ओर से उनकी नियुक्ति को डेयरी हब योजना से जोड़ने की कोई आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है।









































