सेंचुरियन टेस्ट के दूसरे दिन साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। पहली पारी में बांग्लादेश को महज 91 रन पर समेटने के बाद मेजबान टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 494 रन बना लिए हैं। इस तरह साउथ अफ्रीका को पहली पारी के आधार पर 403 रन की बढ़त मिल गई है।
साउथ अफ्रीका की ओर से मार्क्स एकरमैन ने 150 रन की शानदार पारी खेली, जबकि वियान मुल्डर ने 100 रन बनाए। मार्को यानसन 67 रन बनाकर नाबाद हैं।
एकरमैन ने 138 गेंदों में जड़ा 150 रन
बांग्लादेश की कमजोर गेंदबाजी का फायदा उठाते हुए एकरमैन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने 138 गेंदों पर 150 रन बनाए। उनकी पारी में 23 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इस तरह उन्होंने 116 रन सिर्फ बाउंड्री से बनाए।
एकरमैन ने कप्तान एडेन मार्करम के साथ पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। इसके बाद जुबैर हमजा के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी की।
डी जॉर्जी और मुल्डर ने भी संभाली पारी
एकरमैन के आउट होने के बाद टोनी डे जॉर्जी ने 137 गेंदों में 66 रन बनाए। उन्होंने वियान मुल्डर के साथ छठे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की, जिससे टीम का स्कोर 388 रन तक पहुंच गया।
इसके बाद मुल्डर और मार्को यानसन ने सातवें विकेट के लिए 106 रन जोड़े। मुल्डर ने 178 गेंदों में 100 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उन्होंने 115वें ओवर में तौहीद हृदोय की गेंद पर एक रन लेकर अपना पांचवां टेस्ट शतक पूरा किया। हालांकि, अगले ही ओवर में वह जकर अली के हाथों विकेट के पीछे कैच आउट हो गए।
यानसन 91 गेंदों में 67 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि साइमन हार्मर ने अभी खाता नहीं खोला है।
बांग्लादेश के गेंदबाज विकेट लेते रहे, लेकिन रन नहीं रोक पाए
बांग्लादेश की ओर से शोरिफुल इस्लाम और खालिद अहमद ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं, तस्किन अहमद, इबादत हुसैन और तौहीद हृदोय को एक-एक सफलता मिली।
पहली पारी में 91 रन पर सिमटी थी बांग्लादेश की टीम
इससे पहले बांग्लादेश की पूरी टीम पहली पारी में 33.3 ओवर में 91 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। महफिजुल इस्लाम ने सबसे ज्यादा 23 रन बनाए। मोमिनुल हक ने 18 और तौहीद हृदोय ने 19 रन का योगदान दिया।
साउथ अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा और मार्को यानसन ने 3-3 विकेट लिए। एनरिक नॉर्खिया ने 2 बल्लेबाजों को आउट किया, जबकि वियान मुल्डर और साइमन हार्मर को एक-एक विकेट मिला।
