CBI की जांच में NEET UG 2026 पेपर लीक मामले का बड़ा खुलासा हुआ है। पुणे के केमिस्ट्री प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी को मास्टरमाइंड बताया गया है। जानिए कैसे लीक हुआ पेपर, कितने राज्यों तक फैला नेटवर्क और अब आगे क्या होगा।
NEET UG 2026 Paper Leak: कैसे हुआ देश का सबसे बड़ा एग्जाम स्कैम?
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 अब केवल एक परीक्षा नहीं बल्कि देश के सबसे बड़े शिक्षा घोटालों में बदल चुकी है। लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मामले में अब CBI ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार पुणे के प्रोफेसर पी. वी. कुलकर्णी इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड था, जिसने कथित तौर पर परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र बाहर पहुंचा दिया।
पॉइंट् वाइस समझें पूरा घटनाक्रम
3 मई 2026: परीक्षा और ‘गेस पेपर’ का खेल
3 मई 2026 को देशभर में NEET UG परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा से पहले ही एक कथित “गेस पेपर” व्हाट्सएप ग्रुप्स में वायरल होने लगा। बाद में इसकी फोटोकॉपी भी कई शहरों में बांटी गई।
परीक्षा खत्म होते ही सीकर के कुछ छात्रों ने शिकायत की कि वायरल पेपर और असली प्रश्नपत्र में कई सवाल एक जैसे थे।
7 मई: NTA तक पहुंची गड़बड़ी की सूचना
7 मई को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी National Testing Agency को परीक्षा में गड़बड़ी की जानकारी मिली। मामला गंभीर होने पर 8 मई को इसे केंद्रीय एजेंसियों तक पहुंचाया गया।
राजस्थान SOG की एंट्री
मामले की जांच राजस्थान SOG को सौंपी गई। एडीजी विशाल बंसल के नेतृत्व में टीम ने कई राज्यों में छापेमारी शुरू की। शुरुआती जांच में यह साफ हुआ कि “गेस पेपर” वास्तव में लीक हुआ प्रश्नपत्र था, जिसे संगठित तरीके से फैलाया गया।
कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया और मोबाइल चैट, दस्तावेज तथा बैंक ट्रांजैक्शन खंगाले गए।
12 मई: NTA ने परीक्षा रद्द की
जांच में लीक के संकेत मजबूत होने के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी। इसके बाद मामला औपचारिक रूप से Central Bureau of Investigation को सौंपा गया।
CBI ने एफआईआर दर्ज कर देशभर में जांच शुरू की।
14 मई: गिरफ्तारी का सिलसिला शुरू
CBI ने 14 मई को मनीषा वाघमारे और धनंजय लोखंडे को गिरफ्तार किया। इसके बाद जयपुर, गुरुग्राम और नासिक समेत कई शहरों से अन्य आरोपी पकड़े गए।
देशभर में छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और कई दस्तावेज जब्त किए गए।
डिजिटल डिवाइस की जांच में कथित चैट, लीक प्रश्नपत्र और पैसों के लेनदेन के इलेक्ट्रॉनिक सबूत मिले हैं। अब इन उपकरणों की फॉरेंसिक जांच जारी है ताकि डिलीट किया गया डेटा भी निकाला जा सके।
16 मई: मास्टरमाइंड पी. वी. कुलकर्णी गिरफ्तार
16 मई को CBI ने पुणे के प्रोफेसर पी. वी. कुलकर्णी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि कुलकर्णी कई वर्षों से NEET प्रश्नपत्र तैयार करने वाले पैनलों से जुड़ा था।
CBI के अनुसार अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह में कुलकर्णी ने कथित तौर पर गोपनीय प्रश्न जुटाए और पुणे स्थित अपने घर पर स्पेशल कोचिंग क्लास आयोजित की।
इन क्लासों में छात्रों को प्रश्न, विकल्प और उत्तर तक डिक्टेट किए गए।
कैसे फैला पेपर?
जांच एजेंसियों के अनुसार:
- मनीषा वाघमारे छात्रों को क्लास तक लेकर जाती थी
- छात्रों से लाखों रुपये वसूले गए
- छात्रों ने नोटबुक में प्रश्न लिखे
- वही प्रश्न बाद में असली पेपर में मिले
इसके बाद पेपर की कॉपी एक चेन के जरिए आगे बढ़ाई गई:
- मनीषा वाघमारे → धनंजय लोखंडे
- धनंजय लोखंडे → शुभम खैरनार
- शुभम खैरनार → यश यादव
- यश यादव → अन्य छात्रों और एजेंट्स
CBI के मुताबिक यश यादव ने कई छात्रों को जोड़कर पैसे वसूलने का नेटवर्क तैयार किया।
10 से 12 लाख में बिके प्रश्न!
जांच में सामने आया कि मंगीलाल बीवाल नामक व्यक्ति ने अपने बेटे के लिए लीक प्रश्न खरीदने की डील की थी। यह सौदा 10 से 12 लाख रुपये में तय हुआ।
बताया जा रहा है कि करीब 500-600 प्रश्न साझा किए गए ताकि छात्रों के अच्छे अंक सुनिश्चित किए जा सकें।
मंगीलाल बीवाल ने यह प्रश्न अपने रिश्तेदारों तक भी पहुंचाए।
डिजिटल सबूतों से खुल रहे राज
CBI को मिले इलेक्ट्रॉनिक सबूत अब इस केस की सबसे बड़ी कड़ी बन चुके हैं। एजेंसी को मोबाइल चैट, पेमेंट रिकॉर्ड, प्रश्नपत्र की तस्वीरें और कई संदिग्ध फाइलें मिली हैं।
फॉरेंसिक टीम अब डिलीट डेटा रिकवर कर रही है, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
छात्रों के भविष्य पर बड़ा सवाल
करीब 23 लाख छात्रों ने इस साल NEET UG परीक्षा दी थी। अब पेपर लीक के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। सोशल मीडिया पर परीक्षा प्रणाली, कोचिंग माफिया और अंदरूनी मिलीभगत को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
सरकार अब परीक्षा प्रणाली में बड़े बदलाव की तैयारी में है और भविष्य में NEET को CBT यानी Computer Based Test मोड में कराने पर विचार किया जा रहा है
https://deshharpal.com/category/education-news
