सागर जिले के गढ़ाकोटा नगर से गुजरने वाली सुनार नदी में बुधवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर गढ़ाकोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को स्थानीय लोगों ने सुनार नदी में एक शव को पानी में तैरते देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
दो दिन पुराना हो सकता है शव
पुलिस के मुताबिक शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि यह करीब दो दिन पुराना हो सकता है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर श्याम पटेल (42) निवासी ग्राम खमरिया, रहली के रूप में हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
गढ़ाकोटा थाना प्रभारी शुभम दुबे ने बताया कि शव के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान की गई है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
www.deshharpal.com पर पढ़ें देश-दुनिया और प्रदेश की ताजा खबरें।

