सीहोर जिले की इछावर थाना पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए बिजली के तार और वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी जब्त की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 80 हजार रुपए बताई जा रही है।
11 केवी लाइन के तार काटकर की थी चोरी
मामला इछावर थाना क्षेत्र का है। इछावर निवासी विदुर दुबे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 और 17 मई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने आर्या उपकेंद्र से निकलने वाली 11 केवी बिजली लाइन के तार काटकर चोरी कर लिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
विशेष टीम बनाकर शुरू की जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और एसडीओपी भेरूंदा रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पंकज वाडेकर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास तकनीकी साक्ष्य जुटाए और साइबर सेल की मदद ली। मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के बाद पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बिजली के तार चोरी करने की वारदात कबूल कर ली। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी बरामद की गई।
चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नजरूद्दीन (35), नूरुद्दीन उर्फ गुड्डू (26), जाहिद (20) निवासी सलेहपुर थाना अहमदपुर और इमरान (36) निवासी सांकल थाना अहमदपुर के रूप में हुई है।
5.80 लाख का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 80 हजार रुपए कीमत के 19 गाले बिजली के तार और करीब 5 लाख रुपए कीमत की महिंद्रा पिकअप गाड़ी जब्त की है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि उन्होंने इससे पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। मामले की जांच जारी है।
www.deshharpal.com पढ़ें देश-दुनिया और प्रदेश की ताजा खबरें।

