रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी की रकम से सोने के सिक्के खरीदकर सराफा कारोबारियों को चूना लगाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को तकनीकी जांच के आधार पर पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.80 लाख रुपये कीमत के 12 ग्राम सोने के सिक्के बरामद किए हैं। फिलहाल उनसे पूछताछ कर साइबर ठगी की रकम के स्रोत और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
UPI से किया भुगतान, बाद में फ्रीज हुई रकम
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को टिकरापारा स्थित श्री ओम शांति ज्वेलर्स में दो युवक पहुंचे। इनमें से एक ने 7 ग्राम सोने का सिक्का खरीदने की इच्छा जताई। दुकान में एक साथ 7 ग्राम का सिक्का उपलब्ध नहीं होने पर उसे 1-1 ग्राम के सात सिक्के दिए गए, जिनकी कीमत 99,900 रुपये थी।
आरोपी ने JAGDAMBA TC नाम की UPI आईडी के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान किया। दो दिन बाद ज्वेलर्स संचालक को बैंक से सूचना मिली कि यह राशि साइबर फ्रॉड से जुड़ी होने के कारण फ्रीज कर दी गई है। जांच में पता चला कि भुगतान जिस खाते से हुआ था, उसमें साइबर ठगी की रकम जमा थी।
दूसरे ज्वेलर्स को भी बनाया शिकार
जांच में सामने आया कि 17 जुलाई को एक आरोपी ने अजय ज्वेलर्स से भी 5 ग्राम सोने का सिक्का खरीदा था। इसके लिए 76,220 रुपये का भुगतान उसी UPI आईडी से किया गया।
इसके बाद आरोपी ने 23,500 रुपये अतिरिक्त ट्रांसफर किए और बाद में सोना नहीं लेने की बात कहकर यह राशि वापस ले ली। बैंक जांच में कुल 1,99,440 रुपये का लेन-देन संदिग्ध और साइबर ठगी से जुड़ा पाया गया।
तकनीकी जांच से तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने UPI ट्रांजेक्शन, बैंक खातों, मोबाइल नंबर, CCTV फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस ने मनजीत मंडल, शाहिल नेताम और आयुष साहू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से 12 ग्राम सोने के सिक्के जब्त किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरों के लिए विजिट करें –deshharpal.com



