सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। भापेल के पास गोढ़ीखैर में पोखर में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों बच्चे पोखर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों पानी में गिर गए।
हादसा होते देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित किया
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 5 वर्षीय जागेंद्र आदिवासी और 3 वर्षीय गजेंद्र आदिवासी, पिता विनोद आदिवासी के रूप में हुई है।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विधायक ने परिजनों से की बात
घटना की जानकारी मिलने पर नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने मृतक बच्चों के परिजनों से बात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोनों बच्चों के परिवारों को नियमानुसार 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कराने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
