मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को नगर पालिका मकरोनिया के बजरिया हाट बाजार में खंडस्तरीय शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने शिविर में लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
धारणाधिकार योजना में लापरवाही पर पटवारी निलंबित
ग्राम गंभीरिया के परिवारों ने शिकायत की कि धारणाधिकार योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करने के बावजूद उन्हें अब तक योजना का लाभ नहीं मिला है। कलेक्टर ने मामले की जांच के निर्देश दिए।
जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने के बाद पटवारी राशिद खान, हल्का नंबर 16/76, तहसील सागर नगर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
मकरोनिया में 40 करोड़ रुपए की सड़कें स्वीकृत
शिविर में नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने बताया कि मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में निवेश बढ़ रहा है और जनसंख्या के दबाव को देखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहनी चाहिए।
विधायक ने बताया कि जरूरत वाले क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की जा रही है। एएलपी योजना के तहत भूमि पट्टे से जुड़ी समस्याओं का निरीक्षण किया जाएगा। मकरोनिया नगर पालिका में 40 करोड़ रुपए की सड़कें स्वीकृत हैं, जिनका निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके अलावा मकरोनिया-बंडा रोड पर फ्लाईओवर का निर्माण भी शुरू किया जाएगा।
ऑपरेशन थियेटर 15 दिन में शुरू करने के निर्देश
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने गर्भवती महिलाओं, बच्चों, किशोरियों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय अस्पतालों में जांच की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं।
इस दौरान कलेक्टर ने मकरोनिया अस्पताल का निरीक्षण किया और निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल का ऑपरेशन थियेटर 15 दिन के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए।
स्टाफ नर्स और गायनोकोलॉजिस्ट को नोटिस
अस्पताल के एएनसी विंग में लापरवाही मिलने पर स्टाफ नर्स और गायनोकोलॉजिस्ट को नोटिस जारी किया गया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और गर्भवती महिलाओं को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

