हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर हुआ एक विवाद इतना बढ़ गया कि एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। यहां टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि पड़ोसी के साथ गाड़ी की पार्किंग को लेकर उनका विवाद हुआ था। इसी दौरान उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें उन्हें 8 से 9 गोलियां लगीं।
सबसे दुखद बात यह है कि परमजीत अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए सिंगापुर से भारत आए थे। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।
पार्किंग से शुरू हुआ विवाद, फिर हुई फायरिंग
यह घटना फरीदाबाद के सेक्टर-21C की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात परमजीत धनखड़ और उनके पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा के बीच पार्किंग को लेकर कहासुनी हुई थी।
बताया जा रहा है कि परमजीत जिम से घर लौटे थे। इसी दौरान गाड़ी को पार्किंग से हटाने और खड़ी करने को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर उन पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने करीब 15 से 16 राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहले भी हो चुका था दोनों परिवारों में विवाद
जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से भी कुछ बातों को लेकर तनाव था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुत्ते को पार्किंग में शौच कराने को लेकर भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी।
घटना से करीब पांच दिन पहले परमजीत के बेटे और आरोपी के बीच भी विवाद हुआ था। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब पुराने विवादों को भी जांच का हिस्सा बना रही है।
भांजे की शादी के लिए सिंगापुर से आए थे भारत
परमजीत धनखड़ काम के सिलसिले में सिंगापुर में रहते थे। वह मूल रूप से हरियाणा के हिसार के रहने वाले थे। परिवार में 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी होनी थी, जिसमें शामिल होने के लिए वह भारत आए थे।










































