नया रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने बच्चों के हृदय उपचार के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में अब तक 45 हजार बच्चों की मुफ्त हार्ट सर्जरी की जा चुकी है। नवंबर 2026 में इस आंकड़े तक पहुंचने के बाद भगवान श्री सत्य साईं बाबा के 101वें जन्मोत्सव और अस्पताल की 14वीं वर्षगांठ के अवसर पर 23 नवंबर को विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा।
नया रायपुर स्थित श्री सत्य साईं सौभाग्यम में सुबह 11 बजे होने वाले कार्यक्रम में देश के अलग-अलग राज्यों और छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से आए 101 बच्चों को ‘जीवन का उपहार’ दिया जाएगा।
21 देशों के बच्चों को मिल चुका है मुफ्त इलाज
वर्ष 2012 में नया रायपुर से शुरू हुई अस्पताल की सेवा यात्रा अब देश के कई राज्यों के साथ विदेशों तक पहुंच चुकी है। यहां बच्चों के हृदय रोगों की जांच, उपचार और सर्जरी पूरी तरह निशुल्क की जाती है।
अस्पताल में अब तक 4 लाख से अधिक ओपीडी परामर्श दिए जा चुके हैं। देश के सभी राज्यों और 21 देशों के बच्चों ने यहां उपचार का लाभ लिया है। भारत में बच्चों के हृदय उपचार के चार अस्पताल संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा फिजी और श्रीलंका में भी एक-एक हृदय चिकित्सा केंद्र स्थापित किया गया है।
मातृ स्वास्थ्य से शिक्षा और रोजगार तक सेवाएं
श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी काम कर रहा है। भारत में ट्रस्ट के पांच अस्पताल संचालित हैं, जहां अब तक 15 हजार से अधिक प्रसव कराए जा चुके हैं। इन अस्पतालों में 2.50 लाख से ज्यादा ओपीडी परामर्श भी दिए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ट्रस्ट शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी योगदान दे रहा है। इसके तहत 250 से अधिक नर्सिंग विद्यार्थियों को शिक्षा और प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं, 300 से अधिक युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
आर्थिक स्थिति के कारण किसी को इलाज से वंचित न रखने का लक्ष्य
श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट चिकित्सा अनुसंधान और प्रशिक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है।
ट्रस्ट का उद्देश्य है कि आर्थिक स्थिति, सामाजिक पृष्ठभूमि या दूरी किसी भी व्यक्ति के लिए इलाज और शिक्षा में बाधा न बने। इसी सोच के तहत स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
23 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष समारोह में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है।

