रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र खेतान (36) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पहले गिरफ्तार की गई कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची को जितेन्द्र को बेचा था। इस मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
आजाद चौक थाना पुलिस के मुताबिक, पहले गिरफ्तार कृतिका साहू और अन्य महिला आरोपियों से पूछताछ के दौरान जितेन्द्र खेतान का नाम सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर उसकी तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
बच्ची के वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका आरोपी
पुलिस ने जितेन्द्र से नवजात बच्ची से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश किया गया। समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्ची को संरक्षण के लिए मातृछाया में रखा गया है।
अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में शामिल होने की आशंका
पूछताछ में पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि जितेन्द्र अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में शामिल रहा है। पुलिस के अनुसार, इस गतिविधि में गीतिका नाग और कृतिका साहू के जरिए लेन-देन किए जाने की बात सामने आई है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपसी संपर्क, अन्य बच्चों की खरीद-बिक्री और पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
आरोपी और पुलिस कार्रवाई का विवरण
गिरफ्तार आरोपी जितेन्द्र खेतान (36), पिता सज्जन खेतान, आशियाना अपार्टमेंट, कबीर नगर, रायपुर का निवासी है।
आजाद चौक थाना में अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 में मामला दर्ज किया गया है।
Desh Har Pal वेबसाइट पर ऐसी ही खबरों और ताजा अपडेट के लिए विजिट करें।









































