इंदौर में फूटी कोठी सब्जी मंडी के विक्रेताओं ने सोमवार को कांग्रेस नेताओं के साथ नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फूटी कोठी ब्रिज के नीचे ही सब्जी मंडी लगाने के लिए जगह देने की मांग की और निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
सब्जी विक्रेता पिछले कई दिनों से इस मांग को लेकर विरोध कर रहे हैं। नगर निगम ने ब्रिज के नीचे की जगह के बजाय आगे दुकानें लगाने के लिए स्थान दिया है, लेकिन विक्रेता इस व्यवस्था को स्वीकार नहीं कर रहे हैं।
दरअसल, शनिवार को नगर निगम के रिमूवल अमले ने फूटी कोठी चौराहे के पास वर्षों से संचालित सब्जी मंडी को हटाने की कार्रवाई की थी। इस दौरान नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने कार्रवाई का विरोध किया था।
इसके बाद शनिवार शाम को कांग्रेस नेताओं और सब्जी विक्रेताओं ने मौके पर हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध जताया। रविवार को भी कांग्रेस नेताओं ने निगम की गाड़ी के सामने साष्टांग दंडवत कर प्रदर्शन किया था।
नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर सौंपा ज्ञापन
सोमवार शाम को शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट समेत कांग्रेस के कई नेता-कार्यकर्ता और सब्जी विक्रेता नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने मुख्यालय के गेट पर प्रदर्शन करते हुए मांग की कि विक्रेताओं को फूटी कोठी ब्रिज के नीचे ही दुकानें लगाने की जगह दी जाए।
विक्रेताओं का कहना है कि वे लंबे समय से इसी क्षेत्र में कारोबार कर रहे हैं। दूसरी जगह दुकानें लगाने से उनका व्यवसाय प्रभावित होगा।
महापौर पर लगाए झूठ बोलने के आरोप
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर शहर की स्वच्छता रैंकिंग, सफाई मित्रों के नियमितीकरण और फूटी कोठी के सब्जी विक्रेताओं को ब्रिज के नीचे जगह देने जैसे मुद्दों पर झूठ बोल रहे हैं।
चौकसे ने कहा कि शहर की जनता ने महापौर चुनने में गलती कर दी है। उन्होंने बताया कि शहर के अन्य स्थानों पर भी ब्रिज के नीचे सब्जी मंडियां संचालित हो रही हैं। ऐसे में फूटी कोठी के विक्रेताओं को भी उसी जगह दुकानें लगाने की अनुमति मिलनी चाहिए।
उन्होंने कलेक्टर और संभागायुक्त से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। चौकसे के मुताबिक, करीब 450 परिवारों के साथ न्याय होना चाहिए।
मंगलवार सुबह मंडी लगाने की बात कही
चिंटू चौकसे ने मंगलवार सुबह फूटी कोठी चौराहे के पास ही सब्जी मंडी लगाने की बात कही। उन्होंने बताया कि पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेस नेताओं से सब्जी विक्रेताओं की पूरी ताकत से मदद करने और उन्हें न्याय मिलने तक साथ खड़े रहने के लिए कहा है।
Desh Har Pal वेबसाइट पर ऐसी ही खबरों और ताजा अपडेट के लिए विजिट करें।









































