नगर निगम की ओर से टैक्स बकाया होने पर सीलबंद की गई संपत्ति का दूसरा दरवाजा खोलकर कारोबार शुरू करने के मामले में दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। निगम ने 20 अगस्त 2026 को भवन के मुख्य दरवाजे पर सील लगाई थी। आरोप है कि भवन मालिकों ने बिना अनुमति दूसरा दरवाजा खोलकर दोबारा व्यवसाय शुरू कर दिया।
मामला जोन-8 के वार्ड क्रमांक-1 स्थित वीर सावरकर नगर का है। यहां संपत्ति मालिक प्रीतम सिंह और जगमीत सिंह पर वर्ष 2021-22 से 2026-27 तक का कुल 7 लाख 32 हजार 262 रुपए संपत्ति कर बकाया था।
7.32 लाख रुपए टैक्स बकाया होने पर भवन किया था सील
नगर निगम के मुताबिक, दोनों भवन मालिकों को बकाया संपत्ति कर जमा करने के लिए नोटिस दिया गया था, लेकिन निर्धारित राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद निगम की टीम ने 20 अगस्त 2026 को भवन के मुख्य दरवाजे पर सील लगा दी थी।
निगम का आरोप है कि सील लगाए जाने के बाद भी भवन मालिकों ने दूसरा दरवाजा खोल लिया और वहां फिर से कारोबार शुरू कर दिया। इसे निगम की कार्रवाई और नियमों का उल्लंघन माना गया।
जोन आयुक्त ने FIR दर्ज कराने के लिए किया अधिकृत
मामले में जोन-8 आयुक्त ने सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष दुबे को भवन मालिकों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के लिए अधिकृत किया था। इसके बाद 21 नवंबर को आमानाका थाने में आवेदन दिया गया।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्रीतम सिंह और जगमीत सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 और 329(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
