इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने IPL 2027 के मिनी ऑक्शन के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले ऑक्शन में उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए रखा गया है। स्टोक्स ने इस साल की शुरुआत में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार शाम फ्रेंचाइजी को 1,220 खिलाड़ियों की शुरुआती रजिस्ट्रेशन लिस्ट भेजी। इसमें बांग्लादेश के 11 खिलाड़ियों को भी जगह मिली है। हालांकि, अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन और तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के नाम इस सूची में शामिल नहीं हैं।
पहले ऑक्शन में नाम देना तय नहीं माना जा रहा था
35 साल के बेन स्टोक्स का IPL 2027 ऑक्शन में शामिल होना पहले तय नहीं माना जा रहा था। उन्होंने 2025 के मेगा ऑक्शन के लिए अपना नाम नहीं दिया था।
BCCI के नियमों के मुताबिक, किसी विदेशी खिलाड़ी को अगले साल के ऑक्शन में शामिल होने के लिए मेगा ऑक्शन में रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होता है। नियम के तहत ऐसा नहीं करने वाले विदेशी खिलाड़ी अगले साल के ऑक्शन के लिए अयोग्य हो जाते हैं। हालांकि, इस बार स्टोक्स को रजिस्ट्रेशन की अनुमति मिल गई है।
IPL में तीन फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं स्टोक्स
बेन स्टोक्स IPL में अब तक तीन फ्रेंचाइजी का हिस्सा रह चुके हैं।
- 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट की ओर से खेले।
- 2018 से 2021 तक राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व किया।
- 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में शामिल रहे।
स्टोक्स ने IPL में अब तक 45 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 935 रन बनाए और 28 विकेट हासिल किए हैं।
बांग्लादेश के 11 खिलाड़ी शुरुआती लिस्ट में शामिल
IPL 2027 के शुरुआती रजिस्ट्रेशन में बांग्लादेश के 11 खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें हसन महमूद, परवेज हुसैन इमोन, रिपन मंडल, रिशाद हुसैन, सैफ हसन, शाक महेदी हसन, शमीम हुसैन, शोरिफुल इस्लाम, तंजीम हसन साकिब, तौहीद हृदोय और मोहम्मद रुबेल शामिल हैं।
हालांकि, बांग्लादेश के अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन और तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान शुरुआती सूची में जगह नहीं बना सके हैं।
1,220 खिलाड़ियों में 939 भारतीय और 281 विदेशी
BCCI की ओर से फ्रेंचाइजी को भेजी गई शुरुआती सूची में कुल 1,220 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी हैं।
ऑक्शन में सभी फ्रेंचाइजी के पास कुल 66 खाली स्लॉट होंगे। इनमें से 25 स्लॉट विदेशी खिलाड़ियों के लिए निर्धारित हैं।
शुरुआती सूची में शामिल खिलाड़ियों का वर्गीकरण इस प्रकार है:
- 184 कैप्ड भारतीय खिलाड़ी
- 170 कैप्ड इंटरनेशनल खिलाड़ी
- एसोसिएट देशों के 42 खिलाड़ी
- पिछले IPL सीजन में खेलने वाले 127 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी
- 69 अनकैप्ड विदेशी खिलाड़ी
27 नवंबर तक अतिरिक्त नाम भेज सकेंगी फ्रेंचाइजी
BCCI ने फ्रेंचाइजी को शुरुआती रजिस्ट्रेशन सूची में छूटे खिलाड़ियों के नाम शामिल कराने का अवसर दिया है। टीमें 27 नवंबर शाम 5 बजे तक अतिरिक्त खिलाड़ियों के नाम भेज सकेंगी।
इसके बाद फ्रेंचाइजी को 1 दिसंबर तक उन खिलाड़ियों की सूची देनी होगी, जिन्हें वे IPL 2027 के ऑक्शन में शामिल देखना चाहती हैं। इसी आधार पर ऑक्शन की अंतिम सूची तैयार की जाएगी।
