खंडवा के संत सिंगाजी थर्मल पावर प्लांट की शिवरिया टाउनशिप में चोरों ने चार सूने मकानों को निशाना बनाया। बदमाशों ने 19 और 20 नवंबर की दरमियानी रात मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इनमें एक महिला असिस्टेंट इंजीनियर के घर से नकदी, चांदी के जेवर और अन्य सामान चोरी हो गया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई गई है।
महिला अधिकारी भारती बघेल दिवाली की छुट्टियां मनाने अपने घर मंडला गई थीं। छुट्टियां खत्म होने के बाद जब अधिकारी-कर्मचारी टाउनशिप लौटे तो मकानों के ताले टूटे मिले। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई।
चौकी प्रभारी नंदराम वासुरे के मुताबिक, संत सिंगाजी थर्मल पावर प्लांट में असिस्टेंट इंजीनियर भारती बघेल की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। चोर उनके घर से नकदी, चांदी की एक पायजेब, दो चांदी के सिक्के, तीन घड़ियां, एसबीआई का एटीएम कार्ड, पेन और आधार कार्ड सहित अन्य सामान ले गए।
शिवरिया टाउनशिप में पिछले साल भी दिवाली के दौरान सूने मकानों में चोरी हुई थी। इस वजह से इस बार कई कर्मचारी छुट्टी पर जाते समय नकदी और कीमती गहने अपने साथ ले गए थे। उन्हें घर सूना छोड़ने पर चोरी होने का डर था। इसके बावजूद बदमाशों ने चार मकानों के ताले तोड़ दिए। इनमें से एक घर से उन्हें नकदी और कीमती सामान मिल गया।
मुख्य गेट पर तैनात रहते हैं सुरक्षा बल के जवान
शिवरिया टाउनशिप हाई-सिक्योरिटी जोन में आती है। यहां मुख्य गेट पर विशेष सुरक्षा बल के जवान तैनात रहते हैं। इसके बावजूद बदमाशों का टाउनशिप में घुसकर चार मकानों के ताले तोड़ना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस अब जांच कर रही है कि बदमाश टाउनशिप में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात में कितने लोग शामिल थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


