बिलासपुर, देशहरपाल। छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार को लेकर जारी चर्चाओं के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में पद की अपेक्षा संगठन और जनता के प्रति जिम्मेदारी अधिक महत्वपूर्ण होती है।
बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में शामिल हुए बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने से जुड़े सवाल पर कहा, “मंत्री बनने के सपने देखने के बजाय जमीनी हकीकत में रहना चाहिए। मुझे मंत्री से भी बड़ा दायित्व विधानसभा अध्यक्ष के रूप में मिला था। पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है और आज भी मैं विधायक एवं संगठन की जिम्मेदारी निभा रहा हूं।”
विकास कार्यों का किया उल्लेख
धरमलाल कौशिक ने कहा कि भाजपा सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में बिल्हा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने सड़क, सिंचाई, बिजली, शिक्षा और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में लगातार प्रगति का दावा किया।
उन्होंने बताया कि अरपा-भैंसाझार सिंचाई परियोजना अंतिम चरण में है, जिसके पूरा होने पर लगभग 67 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसके अलावा पथरिया बैराज के लिए 55 करोड़ रुपये और दगौरी क्षेत्र में सिंचाई विस्तार के लिए 70 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मनियारी परियोजना पर भी तेजी से कार्य जारी है।
14 साल वकालत के बाद राजनीति में आए
अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कौशिक ने बताया कि सार्वजनिक जीवन में आने से पहले उन्होंने करीब साढ़े 14 वर्ष तक अधिवक्ता के रूप में कार्य किया। इसके बाद संगठन और सरकार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला।
उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य गठन के समय बिलासपुर में हाईकोर्ट की स्थापना के लिए किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया। साथ ही कहा कि क्षेत्र में 132 केवी, 220 केवी और 400 केवी विद्युत उपकेंद्र, सड़क नेटवर्क, औद्योगिक क्षेत्रों और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से विकास को नई दिशा मिली है।
‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ नहीं देखने चाहिए
मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में कौशिक ने कहा कि राजनीति में केवल बड़े-बड़े सपने देखने से कुछ नहीं होता। उन्होंने कहा, “मुंगेरीलाल के हसीन सपने नहीं देखने चाहिए। व्यक्ति को जमीनी हकीकत में रहना चाहिए। मुझे विधानसभा अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व मिले हैं। पार्टी ने मुझे बहुत सम्मान दिया है।”
धरमलाल कौशिक के इस बयान को राजनीतिक हलकों में संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और भविष्य की राजनीतिक संभावनाओं के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
अधिक जानकारी और ताजा खबरों के लिए विजिट करें:deshharpal.com

