भोपाल। मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर दो अहम नियुक्तियों को मंजूरी दी है। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी ओमप्रकाश श्रीवास्तव को राज्य आनंद संस्थान का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बनाया गया है। वहीं, रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार हिंगणकर को मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) के पद पर एक साल की संविदा सेवा वृद्धि दी गई है।
मंगलवार को हुई मोहन कैबिनेट की बैठक में आनंद विभाग की ओर से ओमप्रकाश श्रीवास्तव को राज्य आनंद संस्थान के CEO पद पर संविदा नियुक्ति देने का प्रस्ताव रखा गया था। कैबिनेट ने इसे मंजूरी दे दी है। अब सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किए जाएंगे।
कई जिलों में कलेक्टर रह चुके हैं ओमप्रकाश श्रीवास्तव
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी ओमप्रकाश श्रीवास्तव शिवपुरी और रीवा सहित मध्य प्रदेश के कई जिलों में कलेक्टर रह चुके हैं। उन्होंने गृह विभाग के सचिव, आबकारी आयुक्त और जनसंपर्क आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी काम किया है।
प्रशासनिक जिम्मेदारियों के अलावा श्रीवास्तव साहित्य लेखन में भी रुचि रखते हैं और पुस्तकें लिख चुके हैं। पिछले साल उन्होंने अपनी पत्नी के साथ नर्मदा परिक्रमा शुरू की थी, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया।
अब उन्हें राज्य आनंद संस्थान के CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति संविदा आधार पर की जाएगी।
राजेश कुमार हिंगणकर को एक साल की सेवा वृद्धि
रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार हिंगणकर को मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) के पद पर फिर से संविदा सेवा वृद्धि दी गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के मुताबिक, हिंगणकर 1 नवंबर 2026 से अगले एक साल तक इस पद पर काम करते रहेंगे। उनकी नियुक्ति की सेवा शर्तें 4 दिसंबर 2024 को जारी आदेश के अनुसार प्रभावी रहेंगी।
सरकार ने उन्हें पहली बार वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री कार्यालय में OSD के पद पर संविदा नियुक्ति दी थी। इसके बाद उनकी सेवा अवधि में लगातार तीसरी बार वृद्धि की गई है।
65 साल की उम्र तक संविदा सेवा का प्रावधान
राज्य में संविदा आधार पर काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित नियमों के तहत 65 वर्ष की आयु तक सेवाएं दे सकते हैं। हिंगणकर की सेवा अवधि बढ़ाने के साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय में उनकी जिम्मेदारी फिलहाल एक और साल के लिए जारी रहेगी।


