दिवाली की रात हरियाणा के अंबाला में आग लगने की दो घटनाएं सामने आईं। अंबाला छावनी के लाल कुर्ती इलाके में होटल सनराइज की चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। वहीं, अंबाला शहर की सब्जी मंडी रोड स्थित राजिंद्रा टेलर की दुकान की ऊपरी मंजिल भी आग की चपेट में आ गई। दोनों जगह आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
होटल की ऊपरी मंजिल और छत तक फैली आग
लाल कुर्ती स्थित होटल सनराइज में लगी आग ने देखते ही देखते इमारत की ऊपरी मंजिलों और छत को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया।
होटल मालिक के मुताबिक, शुरुआती आशंका है कि छत पर पटाखे का रॉकेट गिरने से आग लगी। उनका कहना है कि जब वे मौके पर पहुंचे तो छत पर पटाखा गिरा हुआ था और वहां आग लगी थी। इसके बाद होटल में एसी से जुड़ी शीट ने आग पकड़ ली, जिससे लपटें तेजी से फैल गईं।
राजिंद्रा टेलर की दुकान में भी लगी आग
अंबाला शहर की सब्जी मंडी रोड पर स्थित राजिंद्रा टेलर की दुकान की ऊपरी मंजिल पर भी आग लग गई। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
आग लगने के कारणों की जांच
होटल मालिक ने पटाखे का रॉकेट गिरने को आग की संभावित वजह बताया है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








































