हरियाणा के सिरसा जिले में अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रानियां थाना क्षेत्र के गांव कुत्ताबढ़ में एक घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस को 170 लीटर लाहन मिली। पुलिस ने मौके से गुरदयाल सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
रानियां थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि एसपी दीपक सहारन के निर्देश पर पुलिस टीम गश्त और जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव कुत्ताबढ़ निवासी गुरदयाल सिंह अपने घर में अवैध रूप से शराब बना रहा है।
छापेमारी में मिली 170 लीटर लाहन
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए मकान पर छापेमारी की। घर की तलाशी लेने पर वहां से 170 लीटर लाहन बरामद हुई। पुलिस ने गुरदयाल सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लाहन को कब्जे में ले लिया।
आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस
थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
इसके साथ ही अवैध शराब बनाने और बेचने से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


