खंडवा में पत्नी पूजा की हत्या के मामले में आरोपी पति अजय बाकरे ने अस्पताल से ठीक होने के बाद अपना बयान बदल दिया है। पहले उसने पत्नी की हत्या का आरोप उसके कथित प्रेमी पर लगाया था, लेकिन अब उसका कहना है कि पूजा ने पहले उस पर चाकू से हमला किया था। खुद को बचाने के लिए उसने भी पूजा पर चाकू से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, आरोपी के इस नए दावे की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
घटना 12 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे मोघट रोड थाना क्षेत्र के किशोर नगर में हुई थी। अजय और पूजा के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। अजय को शक था कि पूजा का किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम प्रसंग है। इसी विवाद के चलते पूजा पति को छोड़कर किशोर नगर में किराए के मकान में अकेली रहने लगी थी।
पहले कथित प्रेमी पर लगाया था हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन अजय चाकू लेकर पूजा के कमरे पर पहुंचा था। आरोप है कि उसने पूजा के पेट में चाकू से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान अजय भी घायल हो गया था।
अस्पताल पहुंचने के बाद अजय ने पत्नी की हत्या का आरोप उसके कथित प्रेमी पर लगाया था। हालांकि, मौके पर मौजूद उसके दोस्त ने उसकी कहानी पर सवाल उठाए। इसके बाद अजय ने खुद ही पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया था।
अब बोला- खुद को बचाने के लिए किया चाकू से वार
घटना के बाद घायल अजय को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर से सर्जिकल वार्ड में शिफ्ट किया गया।
इसी दौरान उसने दावा किया था कि पूजा ने पहले उस पर चाकू से हमला किया था। खुद को बचाने के लिए उसने भी पूजा को चाकू मार दिया। अस्पताल से ठीक होने के बाद अब वह इसी दावे को दोहरा रहा है।
पुलिस करेगी आत्मरक्षा के दावे की जांच
आरोपी के बयान में आए बदलाव के बाद पुलिस के लिए घटना के वास्तविक घटनाक्रम की पड़ताल करना महत्वपूर्ण हो गया है। अजय का दावा है कि उसने आत्मरक्षा में पूजा पर हमला किया था, लेकिन इसकी पुष्टि होना बाकी है।
पुलिस अन्य साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपी के नए बयान की सत्यता की पड़ताल करेगी।

