बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित संपदा कैंपस में स्कूटी सवार बदमाश ने टहल रही SECL की महिला कर्मचारी के गले से करीब दो तोले की सोने की चेन लूट ली। आरोपी ने पहले रास्ता पूछने के बहाने महिला को रोका और फिर झपट्टा मारकर चेन खींच ली। महिला ने विरोध किया तो बदमाश ने उनके साथ मारपीट की। घटना में महिला के गले और शरीर पर चोटें आई हैं।
रास्ता पूछने के बहाने महिला को रोका
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता सुमन सिंह संपदा कैंपस में रहती हैं और SECL में कार्यरत हैं। सोमवार रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद वह कैंपस में टहल रही थीं। आमतौर पर वह पड़ोसियों के साथ टहलने जाती थीं, लेकिन उस दिन अकेली थीं।
इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और बसंत का घर कहां है, यह पूछने लगा। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही आरोपी ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली।
चेन बचाने के लिए किया विरोध तो की मारपीट
बदमाश ने सुमन सिंह के गले से करीब दो तोले की सोने की चेन लूट ली। महिला ने चेन बचाने के लिए विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। झूमाझटकी के दौरान उनके गले और शरीर पर चोटें आईं।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
CCTV फुटेज में दिखा संदिग्ध, पुलिस कर रही तलाश
सूचना मिलने पर सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता से वारदात की जानकारी ली।
आरोपी की तलाश में संपदा कैंपस और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में संदिग्ध युवक और उसकी स्कूटी नजर आ रही है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।






































