सागर के डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में 157वीं गौर जयंती के अवसर पर गौर सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत सोमवार को अभिमंच सभागार में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र की ओर से लगाए गए इस शिविर में शाम तक 104 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे ब्लड बैंक भेज दिया गया।
शिविर में प्राध्यापकों, सहायक प्राध्यापकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने रक्तदान किया। एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों ने भी इसमें भाग लिया।
इस दौरान बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के डॉ. अमर गंगवानी, जिला अस्पताल के डॉ. महेश जैन और उनकी टीम मौजूद रही।
गौर उत्सव के तहत तीन स्वास्थ्य शिविर आयोजित
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने बताया कि गौर उत्सव के अवसर पर तीन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें गौर जन्मस्थली शनीचरी में स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श शिविर, विश्वविद्यालय परिसर में रक्तदान शिविर और 24 नवंबर को वृद्धाश्रम में आयोजित होने वाला स्वास्थ्य परीक्षण शिविर शामिल है।
विश्वविद्यालय में ब्लड बैंक बनाने का दिया सुझाव
गौर जयंती समारोह के मुख्य समन्वयक प्रो. आशीष वर्मा ने कहा कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, प्रसव संबंधी जटिलताओं और आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध होना जीवन बचाने के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय को भविष्य में अपना ब्लड बैंक स्थापित करने की दिशा में गंभीरता से पहल करनी चाहिए। इससे विश्वविद्यालय परिसर और सागर क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
Desh Har Pal वेबसाइट पर ऐसी ही खबरों और ताजा अपडेट के लिए विजिट करें।








































