हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ IAS अधिकारी पंकज राय को हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (HPERC) का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। प्रदेश सरकार के एमपीपी एवं पावर विभाग ने 10 नवंबर 2026 को उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की। राज्यपाल ने जनहित में इस नियुक्ति को मंजूरी दी है।
अधिसूचना के अनुसार, पंकज राय का कार्यकाल पदभार संभालने की तारीख से पांच साल या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक रहेगा। दोनों में से जो अवधि पहले पूरी होगी, उसी के आधार पर उनका कार्यकाल समाप्त होगा।
पदभार संभालने से पहले मौजूदा जिम्मेदारी छोड़नी होगी
चेयरपर्सन का पद संभालने से पहले पंकज राय को अपने वर्तमान पद और विभाग से कार्यमुक्त होना होगा। आयोग में पदभार ग्रहण करने के दिन से ही उनका कार्यकाल शुरू माना जाएगा।
चयन प्रक्रिया में हुआ था कानूनी विवाद
HPERC के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया करीब एक साल तक चली। इस दौरान चयन को लेकर कानूनी विवाद भी सामने आया था। चयन समिति ने 14 सितंबर 2025 को अध्यक्ष पद के लिए पंकज राय और राजीव सूद के नामों की सिफारिश की थी। हालांकि, प्रदेश सरकार ने इस पैनल को स्वीकार नहीं किया।
इसके बाद पंकज राय ने सरकार के फैसले को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुई नियुक्ति अधिसूचना
28 अक्टूबर 2026 को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने चयन समिति के पैनल को खारिज करने के सरकार के फैसले को मनमाना बताते हुए रद्द कर दिया था। अदालत ने चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर 10 नवंबर तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था।
निर्धारित समय-सीमा के अंतिम दिन प्रदेश सरकार ने पंकज राय की नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही HPERC के नए चेयरपर्सन की नियुक्ति का इंतजार खत्म हो गया।








































