उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र की संत राम सिंधी कॉलोनी में बुधवार शाम गणेश पंडाल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। श्री सम्राट नवयुवक मित्र मंडल के गणेश पंडाल में लगी आग कुछ ही देर में तेजी से फैल गई, जिससे पंडाल का ज्यादातर हिस्सा जल गया।
आग की चपेट में आने से पंडाल में स्थापित करीब 11 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा भी खंडित हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
धुआं उठता देख मची अफरा-तफरी
बुधवार शाम स्थानीय लोगों ने पंडाल से धुआं उठता देखा। इसके बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही नीलगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल की दो गाड़ियों ने आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद पंडाल में मौजूद जले हुए सामान को बाहर निकाला गया।
माता वैष्णो देवी की थीम पर बनाया गया था पंडाल
गणेश पंडाल को माता वैष्णो देवी की थीम पर सजाया गया था। यहां गजानन गणपति के साथ उनकी बहन अशोक सुंदरी की प्रतिमा भी स्थापित की गई थी।
आग में पंडाल का सजावटी सामान और अन्य सामग्री जल गई। गणेश प्रतिमा को भी काफी नुकसान पहुंचा और वह खंडित हो गई।
बिजली लाइन और उपकरण भी जले
आग की घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग से क्षतिग्रस्त बिजली लाइन और अन्य उपकरणों को ठीक करने का काम शुरू किया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण की पुष्टि पंडाल का पूरा निरीक्षण और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने कहा- जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह
नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि गणेश पंडाल में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आग पर तत्काल काबू पा लिया गया।
उन्होंने बताया कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग किस कारण से लगी, इसका पता पंडाल का पूरा निरीक्षण करने के बाद ही चल पाएगा।

