बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिवाली और छठ महापर्व के मद्देनजर बिहार के लिए विशेष ट्रेनें चलाने का अनुरोध किया। बैठक में राज्य की लंबित रेल परियोजनाओं को गति देने, रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
लंबित रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं पर चर्चा
बैठक में बिहार में रेल नेटवर्क के विस्तार और लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने यात्री सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता भी बताई। इसके साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मढ़ौरा और मधेपुरा रेल कारखानों के आधुनिकीकरण पर जोर
बैठक में बिहार के मढ़ौरा और मधेपुरा स्थित रेल इंजन निर्माण कारखानों के आधुनिकीकरण और उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ाने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। चर्चा हुई कि मौजूदा उत्पादन व्यवस्था वर्ष 2028 में समाप्त होने के करीब छह महीने बाद नए स्वरूप में उत्पादन दोबारा शुरू किया जाए।
इसके साथ ही दोनों कारखानों की उत्पादन क्षमता दोगुनी करने की दिशा में पहल करने पर भी विचार किया गया।
केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
बैठक में बिहार के विकास से जुड़े कई प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति बनी। रेल परियोजनाओं को गति देने और रेलवे सुविधाओं का विस्तार करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।

