बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद 22 वर्षीय लॉ स्टूडेंट पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना एचएएल रोड के कोडिहल्ली इलाके में 13 जुलाई को शाम करीब 4:30 बजे हुई थी। घटना का CCTV फुटेज अब सामने आया है।
हमले में गंभीर रूप से घायल छात्रा अमृता ने 15 जुलाई की शाम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में धनुष और उसके छोटे भाई सूर्य को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
सीने और पीठ पर चाकू से किया हमला
पुलिस के अनुसार, अमृता, धनुष और सूर्य एक ही इलाके में रहते थे। दोनों परिवार धार्मिक आयोजनों के माध्यम से एक-दूसरे को जानते थे। इसी दौरान अमृता और धनुष की दोस्ती हुई, जो बाद में रिश्ते में बदल गई।
पुलिस ने बताया कि अमृता को धनुष के अतीत के बारे में जानकारी मिली। धनुष पहले से शादीशुदा था, उसका तलाक हो चुका था और उसका एक बच्चा भी है। इसके बाद अमृता ने रिश्ता खत्म कर लिया और उससे दूरी बना ली।
पुलिस के मुताबिक, इस फैसले से सूर्य नाराज था। आरोप है कि उसने अमृता को धमकी देते हुए कहा था कि वह अपने भाई को ठुकराने के लिए उसे नहीं छोड़ेगा।


कहासुनी के बाद वारदात
13 जुलाई को अमृता और दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान सूर्य ने कथित तौर पर अमृता पर चाकू से हमला कर दिया। उसके सीने और पीठ पर चाकू से वार किए गए।
हमले के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और घायल अमृता को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
48 घंटे से ज्यादा चला इलाज
अमृता का 48 घंटे से अधिक समय तक अस्पताल में इलाज चला। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन 15 जुलाई की शाम उनकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में जीवन भीमा नगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने धनुष और सूर्य को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

