भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच से पहले टॉस कुछ देर बाद होगा।
भारतीय टीम शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। भारत ने दोनों मैचों में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया था।
सीरीज अपने नाम करने के बाद भारतीय टीम मैनेजमेंट तीसरे मुकाबले में कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दे सकता है।
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर नजर
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को तीसरे टी-20 मुकाबले में भारत की ओर से अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका मिल सकता है।
सीरीज में भारत की बढ़त के कारण टीम मैनेजमेंट बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने और युवा खिलाड़ियों को मैच अनुभव देने पर विचार कर सकता है।
वैभव को क्यों मिल सकता है मौका?
1. भारत ने सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त
भारतीय टीम शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज पर कब्जा कर चुकी है। ऐसे में तीसरे मैच में नए खिलाड़ियों को आजमाने का विकल्प मौजूद है।
2. एशियन गेम्स से पहले मैच प्रैक्टिस
वैभव सूर्यवंशी, वॉशिंग्टन सुंदर और यश ठाकुर जैसे खिलाड़ियों को मुकाबले में उतारकर उन्हें मैच प्रैक्टिस देने का मौका मिल सकता है।
3. ओपनिंग के लिए बैकअप तैयार करने की योजना
एशियन गेम्स को ध्यान में रखते हुए अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ओपनिंग के विकल्प माने जा रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी को मौका देकर टीम तीसरे ओपनिंग विकल्प को भी तैयार कर सकती है।
हालांकि, वैभव के अंतिम प्लेइंग-11 में शामिल होने का फैसला टॉस के बाद ही स्पष्ट होगा।
भारत की नजर क्लीन स्वीप पर
भारतीय टीम तीसरा मुकाबला जीतकर अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में क्लीन स्वीप करना चाहेगी। वहीं, अफगानिस्तान की टीम आखिरी मैच जीतकर सीरीज का अंत जीत के साथ करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।



